N1Live Entertainment कभी होटल में धोए बर्तन, अभिनेता रोनित रॉय का यूं चमका सितारा; पहली पत्नी से तलाक के बाद की दूसरी शादी
Entertainment

कभी होटल में धोए बर्तन, अभिनेता रोनित रॉय का यूं चमका सितारा; पहली पत्नी से तलाक के बाद की दूसरी शादी

अपनी दमदार आवाज और धाकड़ पर्सनालिटी वाले अभिनेता रोनित रॉय छोटे पर्दे के बड़े सितारे हैं। उनकी आदाकारी ऐसी है कि अपने अभिनय से किसी भी पर्दे पर माहौल बदलने में माहिर हैं। हर वर्ष 11 अक्टूबर को रोनित रॉय अपना जन्मदिन मनाते हैं। उनका जन्म 11 अक्टूबर 1965 को नागपुर में हुआ था।

उनका ताल्लुक बंगाली परिवार से है, उनके पिता का नाम बोर्टिन बोस और मां का नाम डॉली रॉय है। गुजरात के अहमदाबाद जिले में उनका बचपन बीता। अहमदाबाद में ही उनकी पढ़ाई-लिखाई हुई। रोनित ने होटल मैनेजमेंट में ग्रेजुएशन किया लेकिन उन्होंने अभिनय की दुनिया की ओर कदम बढ़ा दिया और मुंबई आ गए। रोनित का शुरुआती दौर काफी संघर्षपूर्ण रहा। जब वे अहमदाबाद से मुंबई आए थे तो उनके पास सिर्फ 6 रुपए 20 पैसे थे। यहां उन्होंने एक होटल में काम किया। उन्होंने होटल में बर्तन धोने और सफाई का काम किया था। होटल में काम करने से उनको 600 रुपए पहली सैलरी मिली थी।

रोनित ने शुरुआती दिनों में कई ऑडिशन दिए थे। इस दौरान उनको ‘जान तेरे नाम’ फिल्म में काम करने का ऑफर मिला। फिल्म तो हिट हो गई थी लेकिन इसके बाद रोनित को साढ़े चार वर्ष तक कोई काम नहीं मिला। रोनित बालाजी टेलीफिल्म्स के साथ जुड़े और टीवी पर कई रोल निभाते हुए नजर आए। उन्होंने कई टीवी सीरियल में दमदार किरदार निभाया।

अभिनेता रोनित रॉय ने ‘उड़ान’, ‘दैट गर्ल इन येलो बूट्स’, ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’, ‘शूटआउट वडाला’, ‘अगली’, ‘बॉस’, ‘2 स्टेट्स’, ‘काबिल’, ‘लखनऊ सेंट्रल’, ‘लवयात्रि’, ‘मशीन’, और ‘लाइगर’ जैसे फिल्मों में शानदार किरदार निभाया। रोनित ओटीटी पर भी अपने अभिनय का जलवा बिखेर चुके हैं।

रोनित का व्यक्तिगत जीवन भी काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। उन्होंने दो शादियां कीं। उनकी पहली शादी वर्ष 1990 में जोहैना मुमताज खान से हुई थी। पहली शादी से उनकी एक बेटी ‘ओना’ है। ओना अपनी मां के साथ अमेरिका में रहती है। जब रोनित जुहैना से अलग हुए थे तो उनकी बेटी की उम्र 6 वर्ष थी। वर्ष 1997 में दोनों का तलाक हो गया था। रोनित की पहली पत्नी जोहैना मुमताज खान अभिनेता दिलीप कुमार की भतीजी हैं।

पहली पत्नी से अलग होने के बाद रोनित ने वर्ष 2003 में अभिनेत्री और मॉडल नीलम सिंह से दूसरी शादी की थी। 58 वर्ष की उम्र में रोनित ने 26 दिसंबर 2023 को अपनी 20वीं सालगिरह पर पत्‍नी नीलम के साथ दोबारा शादी की थी। रोनित और नीलम के दो बच्चे हैं। शादी के 2 साल बाद 2005 में नीलम ने बेटी अडोर को जन्‍म दिया था। इसके दो साल बाद 2007 में उन्‍हें बेटा अगस्‍त्‍य हुआ।

Exit mobile version