N1Live Entertainment रामनगर में अपने रैप का जलवा दिखाने पहुंचे ‘वन आई रैपर’ विवेक, सुनाई अपने संघर्ष की कहानी
Entertainment

रामनगर में अपने रैप का जलवा दिखाने पहुंचे ‘वन आई रैपर’ विवेक, सुनाई अपने संघर्ष की कहानी

'One Eye Rapper' Vivek arrives in Ramnagar to showcase his rap skills and narrates his struggle story.

31 मार्च । कॉर्बेट नगरी रामनगर में ‘वन आई रैपर’ के नाम से मशहूर विवेक ने अपने सुरों से दर्शकों का दिल जीत लिया।

रामनगर में रैपर लाइव शो के लिए पहुंचे, जहां उन्होंने अपने अनोखे अंदाज और जोशीले रैप स्टाइल से युवाओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसी के साथ विवेक ने अपने जीवन के संघर्ष और सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि बचपन से ही उनकी एक आंख खराब है, जिसके कारण उन्हें कई बार लोगों के तानों और मजाक का सामना करना पड़ा।

मीडिया से बात करते हुए विवेक ने अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट को लेकर बात की। रैपर ने कहा, “हम मूल रूप से चंडीगढ़ से हैं और पहले रील के जरिए ही काम करते थे। धीरे-धीरे लोगों ने पसंद करना शुरू किया और फिर गैरी संधू भाई के साथ काम करना शुरू किया, जिसके बाद पंजाब के कई सिंगर्स के साथ भी काम करने का मौका मिला। अब हम कुछ नया और धमाकेदार लाने वाले हैं, जो सबसे अलग होगा। उम्मीद है कि दर्शकों को हमारा नया गाना बहुत पसंद आएगा।”

‘वन आई रैपर’ विवेक शंभुनाथ गाने से प्रसिद्ध हुए थे, जिसमें उनका रैप सबसे ज्यादा पसंद किया गया था। विवेक ने कहा, “लोग मेरी एक आंख को मेरी कमजोरी समझते थे, लेकिन मैंने उसे अपनी सबसे बड़ी ताकत बना लिया।” यही सोच उन्हें आगे बढ़ाती रही और उन्होंने अपनी इस अलग पहचान को ही अपनी ताकत बना लिया। आज वह ‘वन आई रैपर’ के नाम से देशभर में पहचाने जाते हैं।

रामनगर के बारे में बात करते हुए विवेक ने कहा कि ‘कॉर्बेट नगरी’ उन्हें बेहद खूबसूरत और शांत लगी। यहां के लोगों का प्यार और माहौल ने उनके अनुभव को और खास बना दिया। उन्होंने कहा कि इस शहर की सकारात्मक ऊर्जा उनके दिल को छू गई। विवेक मूल रूप से चंडीगढ़ के रहने वाले हैं और आज अपनी मेहनत और लगन के दम पर युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। उनका मानना है कि यदि इंसान अपने भीतर आत्मविश्वास पैदा कर ले, तो कोई भी कमी उसे सफलता हासिल करने से नहीं रोक सकती। विवेक की कहानी यह संदेश देती है कि मुश्किलें चाहे कितनी भी बड़ी क्यों न हों, अगर इरादे मजबूत हों, तो सफलता जरूर मिलती है।

बता दें कि विवेक सोशल मीडिया पर अपनी वीडियो के जरिए भी छाए रहते हैं और लाखों की संख्या में लोग उन्हें फॉलो करते हैं।

Exit mobile version