N1Live National आंध्र प्रदेश में बस और टिपर लॉरी की टक्कर, 1 यात्री की मौत, 10 घायल
National

आंध्र प्रदेश में बस और टिपर लॉरी की टक्कर, 1 यात्री की मौत, 10 घायल

One passenger killed, 10 injured in collision between bus and tipper lorry in Andhra Pradesh

14 मई । आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देवरापल्ली मंडल के येरा गुडेम नेशनल हाईवे पर एक टिपर लॉरी और निजी ट्रैवल बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि दस लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

बताया जा रहा है कि श्रीकाकुलम जिले के राजम से विजयवाड़ा जा रही श्री वेंकट रमणा प्राइवेट ट्रैवल बस में करीब 40 यात्री सवार थे। इसी दौरान तेज रफ्तार टिपर लॉरी ने बस को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान नारू साई अनिल कुमार के रूप में हुई है। वह राजम के पनासला वालासा इलाके का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि अनिल कुमार अपने परिवार के चार सदस्यों के साथ गन्नवरम जा रहा था। हादसे में उसके माता-पिता को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज गोपालापुरम कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में चल रहा है।

वहीं उसका भाई गोपालकृष्ण गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए राजामहेंद्रवरम भेजा गया है। परिवार फिलहाल विशाखापट्टनम में रह रहा था।

हादसे में घायल अन्य यात्रियों को तुरंत गोपालापुरम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और राजामहेंद्रवरम अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं लॉरी और बस चालक की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है।

प्राथमिक जांच के अनुसार, हादसा लॉरी चालक की लापरवाही और झपकी आने की वजह से हुआ। बताया जा रहा है कि चालक को नींद आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और बस से टकरा गया। सूचना मिलते ही देवरापल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।

Exit mobile version