March 28, 2026
National

भारत के लिए होर्मुज स्ट्रेट खुलना देश की कूटनीतिक जीत : मनोज तिवारी

Opening of Strait of Hormuz for India is a diplomatic victory for the country: Manoj Tiwari

28 मार्च । भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने अंतरराष्ट्रीय हालात और देश की ऊर्जा सुरक्षा को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते भारत के लिए खुले हुए हैं, जो देश के लिए एक बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि है।

उन्होंने पटना में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि फिलहाल केवल पांच देशों को इस मार्ग से आवाजाही की अनुमति है और भारत उनमें शामिल है। भाजपा सांसद ने इसे भारत की मजबूत विदेश नीति और शांति के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम बताया।

मनोज तिवारी ने आम लोगों को राहत देते हुए यह भी आश्वासन दिया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें न बढ़ें, इसके लिए सरकार जरूरी व्यवस्था कर रही है। उन्होंने संकेत दिया कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद सरकार आम जनता पर बोझ नहीं बढ़ने देगी।

वहीं, उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा द्वारा दिए बयान को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हिमंता बिस्वा सरमा एक बहुत अच्छे मुख्यमंत्री हैं, लेकिन राज्य में जो असामाजिक तत्व हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

दरअसल, शुक्रवार को हिमंता बिस्वा सरमा ने एक चुनावी रैली के दौरान तीखा बयान दिया था। उन्होंने कहा कि अगर अगले महीने होने वाले असम विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन फिर से सत्ता में आता है, तो उनकी सरकार राज्य में बांग्लादेशी ‘मिया’ समुदाय की कमर तोड़ देगी।

गौरतलब है कि असम में इस बार विधानसभा चुनाव एक ही चरण में कराया जाएगा। इसके लिए 9 अप्रैल को मतदान होगा जबकि 4 मई को वोटों की गिनती के साथ ही चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

मनोज तिवारी वर्तमान में उत्तर पूर्वी दिल्ली से लोकसभा सांसद हैं। ये दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। मनोज तिवारी ने अपने करियर की शुरुआत बतौर भोजपुरी कलाकार के रूप में की थी।

Leave feedback about this

  • Service