भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, मंत्री आशीष सूद, सांसद प्रवेश वर्मा समेत कई अन्य नेताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर भाजपा दिल्ली अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का ‘एकात्म मानवतावाद’ भारतीय जीवनशैली और आर्थिक व्यवस्था का मूल आधार है। उनका ‘अंत्योदय’ का सिद्धांत हमें यह सिखाता है कि जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ नहीं पहुंचता, तब तक वास्तविक विकास संभव नहीं है। भाजपा इन्हीं विचारों को मार्गदर्शक मानकर आगे बढ़ती है।”
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के दिखाए रास्ते पर चलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे मजबूत नेताओं में शुमार हो गए हैं। इसी रास्ते पर चलकर भारत अब विकसित भारत बनने का सपना देख रहा है।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय समाज, अर्थव्यवस्था, शिक्षा और शासन व्यवस्था की स्पष्ट दिशा दिखाई। उनकी दूरदर्शी सोच के कारण ही आज देश में नरेंद्र मोदी जैसे लोकप्रिय प्रधानमंत्री हैं, जो उन्हीं सिद्धांतों के आधार पर जनकल्याणकारी नीतियां लागू कर रहे हैं। भाजपा सत्ता में आकर हमेशा जनता का आशीर्वाद लेती है और पंडित दीनदयाल के भारतीय दर्शन को व्यवहार में उतारती है।
भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने भी उपाध्याय जी के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि उनकी जयंती पर हम उनके जीवन और उनके विचारों को याद करते हैं। हमारा संगठन और सरकार उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए काम करती रहती है। मैं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चरणों में नमन करता हूं और भारतीय जनता पार्टी का काम उनकी प्रेरणा से ही आगे बढ़ता है।
भाजपा सांसद कमलजीत सेहरावत ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का मानना था कि भारत सरकार की हर योजना में समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा की भावना झलकनी चाहिए। वे केवल राजनीतिक नेता ही नहीं, बल्कि सामाजिक विचारक और शिक्षाविद भी थे। उनकी विचारधारा आज भी भाजपा को नई ऊर्जा और प्रेरणा देती है।