N1Live Entertainment दूसरी कीमोथेरेपी के बाद टूट गईं पंकज भदौरिया, बाल झड़ने का बताया दर्द, बोलीं- ‘अगस्त ने सेहत पर बहुत डाला असर’
Entertainment

दूसरी कीमोथेरेपी के बाद टूट गईं पंकज भदौरिया, बाल झड़ने का बताया दर्द, बोलीं- ‘अगस्त ने सेहत पर बहुत डाला असर’

Pankaj Bhadouria was left shattered after her second chemotherapy session; she spoke about the pain of hair loss and said, "August took a heavy toll on my health."

‘मास्टरशेफ इंडिया’ सीजन 1 की विनर और सेलिब्रिटी शेफ पंकज भदौरिया इन दिनों कैंसर का इलाज करा रही हैं। वह सोशल मीडिया के जरिए लगातार इलाज और इस दौरान आने वाली परेशानियों के बारे में लोगों को अपडेट देती रहती हैं। अब उन्होंने अगस्त के महीने को लेकर इमोशनल पोस्ट किया है।

पंकज ने बताया कि इस महीने उनकी दूसरी कीमोथेरेपी हुई, जिसके बाद उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। बार-बार हुए इंफेक्शन, कमजोरी और बाल झड़ने ने उनकी शारीरिक और मानसिक सेहत पर असर डाला। हालांकि, इस मुश्किल दौर के बीच परिवार और दोस्तों के साथ बिताए कुछ खास पलों ने उन्हें खुश रहने की वजह भी दी।

पंकज ने इंस्टाग्राम पर अस्पताल के बेड से अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए अगस्त के पूरे महीने के अनुभव के बारे में लिखा। उन्होंने लिखा, ”अगस्त काफी घटनाओं से भरा रहा। इसकी शुरुआत मेरी दूसरी कीमोथेरेपी से हुई, जिसने मुझे बहुत ज्यादा प्रभावित किया। इसका मेरी सेहत और बालों पर काफी असर पड़ा। तमाम सावधानियों, बचाव की दवाओं और देखभाल के बावजूद मैं एक के बाद एक इंफेक्शन की चपेट में आती रही। इससे मेरी शारीरिक ताकत पर काफी असर पड़ा।”

पंकज ने कहा, ”कीमोथेरेपी के बाद मुझे जिन परेशानियों का सामना करना पड़ा, उनमें बालों का झड़ना मेरे लिए सबसे मुश्किल अनुभवों में से एक था। अपने लंबे बालों को खोना मेरे लिए एक बड़ा झटका था और मुझे इस बदलाव को स्वीकार करने में समय लगा।”

उन्होंने लिखा, ”कैंसर के इलाज के दौरान मुझे सिर्फ शारीरिक ही नहीं, बल्कि भावनात्मक चुनौतियों से भी गुजरना पड़ा। अगस्त का महीना जैसे-जैसे आगे बढ़ा, मेरी जिंदगी में कुछ खुशियों के पल भी आए। कई दोस्त दूर-दूर से मिलने के लिए आए। दोस्तों और परिवार के साथ त्योहार मनाने का मौका मिला, जिससे मुश्किल दिनों में थोड़ी खुशी मिली। इस दौरान मैंने कुछ मिठाइयां भी चुपके से खाई।”

पंकज ने आगे कहा, ”तीन महीने बाद मुझे परिवार के साथ घर से बाहर जाकर खाना खाने का मौका मिला। इसे मैंने रिकवरी की ओर एक खास कदम के तौर पर देखा। ‘कैंसर’ जैसा एक शब्द पूरी जिंदगी बदल देता है, सिर्फ मरीज की नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार की जिंदगी भी बदल जाती है। मैं और मेरा परिवार इस नई स्थिति के साथ प्यार, साथ और उम्मीद के सहारे आगे बढ़ना सीख रहे हैं।”

बता दें कि पंकज भदौरिया ने 28 मई 2026 को पहली बार सार्वजनिक तौर पर अपने ब्रेस्ट कैंसर के बारे में जानकारी दी थी। अस्पताल के बेड से तस्वीर शेयर करते हुए, उन्होंने बताया था कि उन्हें ब्रेस्ट कैंसर का पता चला है। उन्होंने लोगों से प्रार्थना और समर्थन की अपील की थी।

इसके अगले दिन पंकज ने बताया था कि वह सर्जरी के लिए जा रही हैं, और उन्होंने अपने फैंस के प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया था।

Exit mobile version