N1Live National केंद्रीय मंत्री बनने के बाद महाराजगंज पहुंचे पंकज चौधरी, पीएम मोदी का जताया आभार
National

केंद्रीय मंत्री बनने के बाद महाराजगंज पहुंचे पंकज चौधरी, पीएम मोदी का जताया आभार

Pankaj Chaudhary reached Maharajganj after becoming Union Minister, expressed gratitude to PM Modi

महाराजगंज, 6 जुलाई । उत्तर प्रदेश के महाराजगंज सीट से भाजपा सांसद और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी मोदी मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचे। इस दौरान पूरे जिले में जगह-जगह फूल मालाओं से उनका स्वागत किया गया।

केंद्रीय वित्त राज मंत्री पंकज चौधरी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके ऊपर दोबारा विश्वास जताते हुए मंत्रिमंडल में शामिल किया है। इसके लिए पीएम मोदी समेत केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताता हूं। निश्चित तौर पर उनके विश्वास पर हम खरा उतरने का काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जिले में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ने का हमारा संकल्प है। महाराजगंज के नेताओं के साथ कार्यकर्ताओं का धन्यवाद, जिन्होंने विपरित परिस्थितियों में जीत का परचम लहराया है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हाथरस दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि यह दुख की घड़ी है, इसमें राजनीतिक रोटी नहीं सेंकी जानी चाहिए, राहुल गांधी को संवेदना व्यक्त करना चाहिए। उत्तर प्रदेश में कानून का राज है, जो भी इस घटना का दोषी होगा, सरकार उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कारवाई करेगी।

सात बार के सांसद रहे पंकज चौधरी को मोदी सरकार 3.0 में दूसरी बार राज्य मंत्री के रूप में मोदी कैबिनेट में जगह मिली है। ओबीसी कुर्मी जाति से आने वाले पंकज चौधरी ने 1989 में गोरखपुर नगर निगम में पार्षद के रूप में अपना राजनीतिक जीवन शुरू किया था। इसके बाद वे शहर के डिप्टी मेयर चुने गए। चौधरी 1991 के चुनाव में महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गए।

1996 और 1998 के चुनावों में लगातार जीत हासिल की। 1999 में उन्हें समाजवादी पार्टी के कुंवर अखिलेश सिंह के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। चौधरी ने 2004 में सीट फिर से हासिल की, लेकिन 2009 में कांग्रेस उम्मीदवार हर्षवर्धन सिंह से हार गए। 2014 में चौधरी महाराजगंज से पांचवीं बार चुने गए और उसी संसदीय क्षेत्र में 2019 और 2024 का चुनाव जीतकर दूसरी हैट्रिक बनाई। नरेंद्र मोदी की पिछली सरकार के दौरान चौधरी वित्त राज्य मंत्री बनाए गये थे, इस बार भी उन्हें वित्त राज्य मंत्री बनाया गया है।

Exit mobile version