N1Live National पंकज चौधरी का अखिलेश यादव पर तंज, बोले- मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने से नहीं रोक सकता
National

पंकज चौधरी का अखिलेश यादव पर तंज, बोले- मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने से नहीं रोक सकता

Pankaj Chaudhary takes a dig at Akhilesh Yadav, says—no one can stop him from dreaming 'Mungerilal-style' fantasies.

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठन और सरकार के स्तर पर मंथन तेज कर दिया है। शुक्रवार को लखनऊ में हुई भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में आगामी चुनावी रणनीति के साथ ‘सेवा-सुशासन’ अभियान और प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सरकार बनाने के दावे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह किसी को ‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने’ देखने से नहीं रोक सकते।

पंकज चौधरी ने कहा कि बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, सह-प्रभारी जगदीश पटेल के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह मौजूद रहे। बैठक में ‘सेवा-सुशासन’ अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा कर इसकी कार्ययोजना तैयार की गई।

उन्होंने बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत संगठन की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर भी चर्चा हुई है और इसे जल्द आयोजित किया जाएगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी मंथन हुआ। चुनाव में किस तरह तैयारी आगे बढ़ाई जाए और संगठन को किस दिशा में काम करना है, इस पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

अखिलेश यादव के भाजपा को सत्ता से हटाकर सरकार बनाने संबंधी बयान पर पंकज चौधरी ने कटाक्ष करते हुए कहा, “मैं किसी को मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने से नहीं रोक सकता।

कोर कमेटी की बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भारी बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनाने को लेकर व्यापक विचार-विमर्श और मंथन हुआ है। उन्होंने कहा कि बैठक में कई योजनाओं को अंतिम रूप दिया गया है। अखिलेश यादव के बयान पर केशव प्रसाद मौर्य ने भी सपा प्रमुख पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा, अखिलेश यादव गलतफहमी में हैं। 100 दिन बाद समाजवादी पार्टी अपनी साइकिल चलाकर वापस सैफई लौट जाएगी। भाजपा ने कोर कमेटी की बैठक के जरिए चुनावी तैयारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को भी गति देने का संकेत दिया है। पार्टी नेतृत्व की ओर से संगठन के अभियानों की प्रगति की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी जोर दिया जा रहा है।

शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। वहां परिचय बैठक के जरिए स्थानीय नेताओं के साथ संगठन और चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी। इस दौरान संगठन की ओर से चलाए जा रहे अभियानों की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी।

Exit mobile version