N1Live National पंकज चौधरी ने भारत मंडपम में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के विरोध को राष्ट्र की छवि धूमिल करने की साजिश बताया
National

पंकज चौधरी ने भारत मंडपम में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के विरोध को राष्ट्र की छवि धूमिल करने की साजिश बताया

Pankaj Chaudhary termed the protest by Congress workers at Bharat Mandapam as a conspiracy to tarnish the image of the nation.

21 फरवरी । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के विरोध की कड़ी निंदा की है।

उन्होंने इसे राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का सुनियोजित प्रयास करार दिया। चौधरी ने कहा कि जब विश्व समुदाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की तकनीकी प्रगति और नवाचार क्षमता की सराहना कर रहा है, तब ऐसे वैश्विक आयोजन में व्यवधान उत्पन्न करना गैर-जिम्मेदाराना आचरण है।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह विरोध पूर्व नियोजित था और इसका उद्देश्य देश की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आघात पहुंचाना था। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों में बाधा डालना कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को दर्शाता है।

चौधरी के अनुसार, ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ भारत की तकनीकी शक्ति और वैश्विक नेतृत्व क्षमता का प्रतीक है, जिसमें 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, राष्ट्राध्यक्ष, तकनीकी विशेषज्ञ, उद्योग जगत के शीर्ष अधिकारी तथा बड़ी संख्या में शोधकर्ता और स्टार्टअप उद्यमी शामिल हुए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का इतिहास राष्ट्रीय उपलब्धियों पर प्रश्न उठाने और महत्वपूर्ण अवसरों पर नकारात्मक माहौल बनाने का रहा है।

उन्होंने कहा कि सेना की कार्रवाई से लेकर अंतरराष्ट्रीय आयोजनों तक, विपक्ष ने बार-बार देश की संस्थाओं और उपलब्धियों पर सवाल खड़े किए हैं। चौधरी ने कहा कि आज भारत जी-20 जैसे वैश्विक आयोजनों की सफल मेजबानी कर विश्व मंच पर प्रभावी भूमिका निभा रहा है। यह आत्मविश्वासी और विकसित भारत की दिशा में अग्रसर राष्ट्र है, जिसकी प्रगति कुछ राजनीतिक दलों को असहज कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसे किसी भी प्रयास की कड़ी भर्त्सना करती है जो देश की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाए।

साथ ही कांग्रेस से मांग की कि वह इस घटना पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगे और राष्ट्रहित के मुद्दों पर जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाए। चौधरी ने दोहराया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है और तकनीकी विकास, नवाचार एवं वैश्विक साझेदारी को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

Exit mobile version