N1Live National नोएडा में पार्किंग विवाद ने लिया हिंसक रूप, मारपीट के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
National

नोएडा में पार्किंग विवाद ने लिया हिंसक रूप, मारपीट के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

Parking dispute turns violent in Noida, three accused arrested in assault case

6 मई । नोएडा के थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में मामूली पार्किंग विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां कुछ लोगों ने दुकान में घुसकर एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ मारपीट की। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 मई 2026 को ग्राम वाजिदपुर निवासी पीड़ित ने थाना एक्सप्रेसवे में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि संजय चौहान, कर्नल चौहान, दीपांशु चौहान, प्रिंश (पुत्र संजय चौहान) और कुछ अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने गाड़ी की पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद पीड़ित की दुकान में घुसकर उसके पिता के साथ मारपीट की। आरोपियों ने न केवल मारपीट की, बल्कि गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।

पीड़ित की शिकायत के आधार पर थाना एक्सप्रेसवे पुलिस ने मामला दर्ज कर मुकदमा पंजीकृत किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और 6 मई 2026 को कार्रवाई करते हुए ग्राम नंगली वाजिदपुर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कर्नल (35 वर्ष) पुत्र कालूराम, दीपांशु चौहान (23 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र और अक्षित (26 वर्ष) पुत्र गजेंद्र के रूप में हुई है। सभी आरोपी नंगली वाजिदपुर, नोएडा के निवासी हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही मामले की विस्तृत जांच जारी है, ताकि सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून को हाथ में लेने के बजाय पुलिस की सहायता लें, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Exit mobile version