N1Live National तिलक नगर विवाद पर प्रवेश वर्मा का नया वीडियो, प्रवेश वर्मा बोले- केजरीवाल ने गुंडे छोड़ रखे हैं
National

तिलक नगर विवाद पर प्रवेश वर्मा का नया वीडियो, प्रवेश वर्मा बोले- केजरीवाल ने गुंडे छोड़ रखे हैं

दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निर्माण कार्य को लेकर हुए विवाद पर पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब वर्मा ने एक और वीडियो जारी कर आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने गुंडे छोड़ रखे हैं और वे सरकारी कर्मचारियों से पैसे मांगते हैं।

प्रवेश साहिब वर्मा ने एक आप कार्यकर्ता को थप्पड़ मार दिया था। अब उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा है कि अरविंद केजरीवाल के गुंडे की कुछ हकीकत सामने आई है। वीडियो में प्रवेश वर्मा तीन महीने पुराने एक मामले का भी जिक्र कर रहे हैं, जिसके अनुसार आप कार्यकर्ता पर पहले भी एक मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है।

वीडियो में प्रवेश साहिब वर्मा आरोप लगा रहे हैं कि तीन महीने पहले इसने एमसीडी के छोटे कर्मचारी से पैसे मांगे। जब पैसे नहीं दिए गए तो उसे इतना पीटा कि अधमरा कर दिया। कर्मचारी ने इस शख्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी। मंत्री के मुताबिक, तब यह शख्स और विधायक जरनैल सिंह का भांजा गिरफ्तार हुआ था।

प्रवेश वर्मा ने कहा कि जिस शख्स ने आज हमारी सभा को खराब किया, वह दिल्ली का रहने वाला नहीं है। वह दुबई का मोबाइल नंबर इस्तेमाल करता है। वह ‘आप’ के लिए दिल्ली के कर्मचारियों से पैसा वसूलने का काम करता है।

उन्होंने कहा कि कल अरविंद केजरीवाल उसी सड़क पर पहुंच रहे हैं। वह अपने गुंडों का समर्थन करने आ रहे हैं, जिन्हें उन्होंने दिल्ली में उगाही करने के लिए छोड़ रखा है। उन्होंने केजरीवाल से सवाल पूछा कि क्या आपको उनका समर्थन करने के लिए आना चाहिए, जो छोटे-छोटे एमसीडी कर्मचारियों को पीट रहे हैं? आपको शर्म आनी चाहिए।

प्रवेश साहिब वर्मा ने कहा कि केजरीवाल के गुंडे दिल्ली में उगाही करते हैं, सरकारी कर्मचारियों को पीटते हैं, पुलिस उन्हें गिरफ्तार करती है और फिर केजरीवाल उनके बचाव में उतरते हैं।

Exit mobile version