बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के संविदाकर्मियों को स्थाई करने की घोषणा पर भाजपा के नेता और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि तेजस्वी यादव कितने भी मायाजाल फैलाएं, बिहार के लोग उनके झांसे में नहीं आने वाले हैं।
पटना में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार ने जीविका दीदियों के लिए जो काम किए हैं, उससे उनकी जिंदगी में खुशियां आई हैं। आगे भी जो करना होगा, वह बिहार की एनडीए सरकार करेगी।
उन्होंने कहा, “जीविका दीदियों को पता है कि तेजस्वी यादव लुटेरा है, भ्रष्टाचारी और परिवारवादी है। वे अपराधियों को संरक्षण देने वाले हैं। उनके जमाने में महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म होता था। नरसंहार होता था। उस समय महिलाओं का दमन हुआ है। जब राजद की सरकार थी, तब दूध घोटाला किया गया और बाढ़ में कई बच्चों की दूध के बिना मौत हो गई।”
भाजपा के वरिष्ठ नेता नित्यानंद राय ने आगे कहा कि उस दौर में चारा घोटाला, अलकतरा घोटाला कर गरीबों का हक छीना। भ्रष्टाचार की गंगोत्री बहती थी, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत और विकसित बिहार का संकल्प लिया है। उनके विकास के स्तंभों में बहनें हैं, महिलाएं, किसान, युवा, गरीब हैं और इनका विकास कोई करने वाला है तो वे हैं प्रधानमंत्री मोदी और बिहार में नीतीश कुमार।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव जो भी झूठ बोल लें, लेकिन बिहार की जनता इस चुनाव में उनका सूपड़ा साफ कर देगी। बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी। इससे पहले, बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को घोषणा करते हुए कहा कि अगर प्रदेश में महागठबंधन की सरकार बनती है, तो सभी संविदाकर्मियों को स्थाई किया जाएगा।
उन्होंने यह भी दावा किया कि महागठबंधन इस महंगाई के दौर में प्रदेशवासियों को आर्थिक न्याय देने का काम करेगा। बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी।