N1Live National दिल्ली में एक ही स्थान पर लोगों को मिलेंगी बेहतर, आधुनिक और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं: सीएम रेखा गुप्ता
National

दिल्ली में एक ही स्थान पर लोगों को मिलेंगी बेहतर, आधुनिक और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं: सीएम रेखा गुप्ता

People will get better, modern and specialized medical facilities at one place in Delhi: CM Rekha Gupta

15 मार्च । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के प्रमुख सरकारी चिकित्सा संस्थानों को एकीकृत एक एम्स की तर्ज पर एक स्वायत्त और सशक्त संस्थान के रूप में विकसित करने की घोषणा की है।

सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली के प्रमुख सरकारी चिकित्सा संस्थान जैसे गुरु तेग बहादुर अस्पताल (जीटीबी), दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट (डीएससीआई) और राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल (आरजीएसएसएच) को एकीकृत कर एम्स की तर्ज पर एक स्वायत्त और सशक्त संस्थान के रूप में विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इससे दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लाखों मरीजों को एक ही स्थान पर बेहतर, आधुनिक और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। इलाज की गुणवत्ता बढ़ेगी, सेवाएं अधिक सुव्यवस्थित होंगी और आम लोगों के लिए उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं पहले से अधिक सुलभ बनेंगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह कदम दिल्ली में मजबूत और भरोसेमंद स्वास्थ्य व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

वहीं, इससे पहले सीएम रेखा गुप्ता ने अन्य ‘एक्स’ पोस्ट में कहा कि वीरता, शौर्य, लोकसंगीत, हस्तकला और उत्सवों की समृद्ध परंपराओं से सजा राजस्थान भारतीय संस्कृति का एक उज्ज्वल अध्याय है। यहां की संस्कृति में इतिहास की गरिमा, लोकजीवन की ऊर्जा और परंपराओं की आत्मा एक साथ दिखाई देती है। गणगौर जैसे उत्सव इस सांस्कृतिक वैभव को पीढ़ियों तक जीवंत बनाए रखते हैं और हमारी लोक परंपराओं की सुंदरता को उत्सव के रूप में अभिव्यक्त करते हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली, जो पूरे देश की विविध संस्कृतियों का संगम है, उसमें राजस्थान की इस समृद्ध विरासत का भी विशेष स्थान है। परिश्रम, उद्यम और सांस्कृतिक गौरव की भावना से जुड़े राजस्थान के लोगों ने दिल्ली के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन को भी समृद्ध बनाया है। राजस्थान दिवस और गणगौर उत्सव की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। छतरपुर में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, योगेंद्र चांदोलिया, विधायक करतार सिंह तंवर सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Exit mobile version