N1Live National पटिलाया में पिटबुल कुत्ते ने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर पर किया हमला, अस्पताल में भर्ती
National

पटिलाया में पिटबुल कुत्ते ने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर पर किया हमला, अस्पताल में भर्ती

Pitbull attacks Chandigarh University professor in Patiala; hospitalized.

पंजाब में पटियाला के घूमण नगर इलाके में एक पालतू पिटबुल कुत्ते ने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर पर हमला कर दिया, जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उनकी प्लास्टिक सर्जरी की गई है। शिफाली सभरवाल अपने परिवार के साथ घूमण नगर में एक घर देखने के लिए पहुंची थीं। जैसे ही घर का गेट खोला गया, अंदर मौजूद पालतू पिटबुल कुत्ता ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं। शिफाली सभरवाल चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर हैं। वहीं, हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है।

डीएसपी जंगजीत रंधावा ने बताया कि पुलिस को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली थी, जिसमें पिटबुल द्वारा महिला पर हमला करते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने वीडियो की पुष्टि करने के बाद संबंधित परिवार से संपर्क किया। घायल महिला अमर अस्पताल में उपचाराधीन हैं और उनका ऑपरेशन भी किया गया है।

डीएसपी जंगजीत रंधावा ने कहा कि अस्पताल से मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पालतू जानवर द्वारा किसी व्यक्ति को काटने या घायल करने के मामले में बीएनएस की धारा 291 के तहत एफआईआर दर्ज की जाएगी।डीएसपी ने यह भी कहा कि खतरनाक नस्ल के कुत्तों को लेकर अदालत के आदेशों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा 15 अगस्त के बाद पुलिस अभियान चलाकर ऐसे मामलों की जांच और सत्यापन कर सकती है। मेडिकल रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रंधावा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है और आगे की कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता का भी बयान लिया जाएगा जिससे पूरे मामले की सही जानकारी मिल सके। इसके लिए एक टीम का गठन किया जा रहा है, जो इससे जुड़े मामले की जांच करेगा और जल्द से जल्द रिपोर्ट देगा। जिससे इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा सके।

Exit mobile version