N1Live National पेरू की नव निर्वाचित राष्ट्रपति केको को पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
National

पेरू की नव निर्वाचित राष्ट्रपति केको को पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

PM Modi congratulates Peru's newly elected President Keko

पेरू की नव निर्वाचित राष्ट्रपति केको फुजीमोरी को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीत की बधाई दी है। शुभकामनाओं के साथ पीएम ने उम्मीद जताई कि द्विपक्षीय साझेदारी और सुदृढ़ होगी।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट में पीएम मोदी ने जीत की हार्दिक बधाई देते हुए लिखा, “पेरू के साथ अपनी घनिष्ठ मित्रता को भारत अत्यंत महत्व देता है और विभिन्न क्षेत्रों में हमारी द्विपक्षीय साझेदारी को और सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। मैं आपको एक सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देता हूं और हमारे दोनों देशों के लोगों के हित में हमारे संबंधों को और अधिक गहरा करने हेतु आपके साथ मिलकर कार्य करने की आशा करता हूं।”

पेरू की केको फुजीमोरी को चौथी बार में राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल हुई। इससे पहले वो तीन बार राष्ट्रपति चुनाव में हार चुकी थीं। पेरू की राजनीति में दिवंगत राष्ट्रपति अल्बर्टो फुजीमोरी की 51 वर्षीय बेटी ने बहुत कम अंतर से जीत हासिल की।

उन्होंने वामपंथी उम्मीदवार रोबर्टो सांचेज को हराने के बाद देश में “व्यवस्था और उम्मीद” बहाल करने का संकल्प जताया है। यह जीत लैटिन अमेरिका में फिर से उभरते दक्षिणपंथ की एक और सफलता मानी जा रही है।

पेरू की एंडियाना न्यूज एजेंसी के अनुसार, 7 जून को हुए राष्ट्रपति पद के दूसरे चरण (रनऑफ) के चुनाव में फुजीमोरी ने बेहद मामूली अंतर से जीत दर्ज की। अंतिम परिणामों के अनुसार, उन्होंने 1.8 करोड़ से अधिक पड़े मतों में से 50,000 से भी कम वोटों के अंतर से सांचेज को हराया। फुजीमोरी की पार्टी फुएरजा पॉपुलर को 50.135 प्रतिशत तो सांचेज की टुगैदर फॉर पेरू पार्टी को 49.865 मत मिले।

पेरू की राष्ट्रीय निर्वाचन जूरी (ज्यूराडो नैशनल डी एलेक्शन्स यानी जेएनई) ने विवादित मतपत्रों की समीक्षा में कई सप्ताह लगाए और 3 जुलाई को आधिकारिक रूप से विजेता की घोषणा करने का कार्यक्रम तय किया।

चुनावी नतीजा घोषित होने के बाद फुजीमोरी ने एक्स पर लिखा, “चुनावी प्रक्रिया के सम्पन्न होने और जेएनई द्वारा परिणामों की आधिकारिक घोषणा के बाद, मैं उन लाखों पेरूवासियों के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करती हूं जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया।”

अपनी इस नई भूमिका की जिम्मेदारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने आगे कहा, “अब एक नए अध्याय की शुरुआत हो रही है। हम इस जिम्मेदारी को विनम्रता और कर्तव्यबोध के साथ निभाने का संकल्प लेते हैं। इस बदलाव के दौर का प्रत्येक दिन हमारे लिए लोगों की बात सुनने, संवाद स्थापित करने और नई सरकार की शुरुआत के लिए पूरी तैयारी करने का अवसर है।”

पेरू की राजनीति में एक नई कोशिश के तहत नव निर्वाचित राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया अकाउंट्स का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया माध्यमों के जरिए हम इस चरण की प्रगति और किए जा रहे कार्यों की जानकारी आपसे साझा करेंगे। मैं आपको इस यात्रा में हमारे साथ जुड़ने के लिए आमंत्रित करती हूं।

बता दें, यह चुनाव बढ़ते अपराध और लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक अस्थिरता के मुद्दों पर लड़ा गया। एंडीज क्षेत्र के इस देश में पिछले दस वर्षों में आठ राष्ट्रपति बदल चुके हैं। पिछले कुछ महीनों में कई ऐसी तस्वीरें सामने आईं जिसमें जेन जी व्यवस्था के खिलाफ सड़क पर उतर कर अपनी आवाज बुलंद करता दिखा।

जबरन वसूली करने वाले गिरोहों और सुपारी देकर कराई जाने वाली हत्याओं में वृद्धि के बीच फुजीमोरी ने अपने पिता की तरह सख्त शासन का वादा किया। लेकिन बाद में उन्होंने अपनी छवि में थोड़ा सुधार किया और थोड़ी नरम हुईं। पेरू के लाखों नागरिक आज भी उनके पिता के शासनकाल की कड़वी यादों के कारण किसी भी फुजीमोरी नाम वाले उम्मीदवार को वोट देने से बचते रहे हैं, जिसके कारण केको तीन बार राष्ट्रपति बनने से चूक गईं।

Exit mobile version