May 1, 2026
National

पीएम मोदी ने श्रमयोगियों के सम्मान को शासन की सोच और नीति के केंद्र में स्थापित किया: रेखा गुप्ता

PM Modi has placed respect for Shram Yogis at the centre of his governance thinking and policy: Rekha Gupta

1 मई । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री कपिल मिश्रा शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि पीएम मोदी ने श्रमयोगियों के सम्मान को शासन की सोच और नीति के केंद्र में स्थापित किया है।

रेखा गुप्ता ने एक्स पोस्ट में लिखा कि राष्ट्र निर्माण में अपनी अमूल्य भूमिका निभाने वाले सभी श्रमिक भाइयों-बहनों को अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस की शुभकामनाएं। आज श्रमिक सम्मान समारोह में सम्मिलित होकर कर्मयोगी साथियों को नमन करने का अवसर मिला। कार्यक्रम में 1,000 निर्माण श्रमिकों को सुरक्षा किट और श्रमिक परिवारों के 100 बच्चों को शिक्षा किट प्रदान की गई, साथ ही हर वर्ष 35,000 श्रमिकों को प्रशिक्षित करने वाले बड़े स्तर के कौशल विकास अभियान का शुभारंभ किया गया।

पीएम मोदी का जिक्र करते हुए सीएम ने लिखा कि उनके मार्गदर्शन में ‘विकसित भारत’ का संकल्प श्रमिक सशक्तीकरण से ही आगे बढ़ता है, जहां हर श्रमिक सुरक्षित, सम्मानित और अवसरों से जुड़ा हो। इसी भावना के साथ हमारी सरकार द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए पंजीकरण और नवीनीकरण शुल्क को पूर्णतः माफ किया जा रहा है।

सीएम ने आगे पोस्ट में लिखा कि सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से श्रमिक परिवारों को सम्मानपूर्ण सहयोग मिलेगा। साथ ही, आधुनिक लेबर चौक और श्रमिक सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से आवश्यक सेवाएं सीधे श्रमिकों तक पहुंचेंगी।

दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि श्रम दिवस के अवसर पर राजधानी के मेहनतकश श्रमिकों के सम्मान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति ने इसे और भव्य बना दिया। हम सब दिल्ली के श्रमिक भाइयों-बहनों को उनके संघर्ष, समर्पण और परिश्रम के लिए नमन करते हैं।

उन्होंने कहा कि सीएम रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम में श्रमिकों के हित को देखते हुए कई योजनाओं की घोषणाएं की हैं, जिसे जल्द जमीनी स्तर पर हमारी सरकार उतारने का प्रयास करेगी।

Leave feedback about this

  • Service