बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे और उससे जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री 2014 से लगातार देश के विकास और प्रगति के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जो पांच देशों का दौरा है, वह पहले से ही तय कार्यक्रम था और इसे अचानक या राजनीतिक कारणों से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि प्रधानमंत्री का यूएई से शुरू हुआ विदेश दौरा देश के हित में है और इससे भारत के अंतरराष्ट्रीय रिश्ते और मजबूत होंगे।
रामकृपाल यादव ने आगे कहा कि आज दुनिया के कई देशों में पेट्रोलियम पदार्थों की कमी देखी जा रही है। भारत में भी थोड़ी बहुत दिक्कत है, लेकिन भारत की स्थिति कई अन्य देशों की तुलना में काफी बेहतर है। उनके मुताबिक, मजबूत अंतरराष्ट्रीय संबंधों की वजह से ही भारत इस तरह के संकट को बेहतर तरीके से संभाल पा रहा है।
उन्होंने लोगों से भी अपील की कि ईंधन की बचत करें और सोच-समझकर उसका इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि सरकार और आम जनता दोनों मिलकर अगर प्रयास करेंगे तो किसी भी तरह के संकट से निपटा जा सकता है। कई नेता और मंत्री भी सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल कर रहे हैं, ताकि ईंधन की खपत को कम किया जा सके।
उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधा और कहा कि कुछ लोग प्रधानमंत्री की विदेश यात्रा को लेकर गलत बातें फैलाते हैं और देश की छवि खराब करने की कोशिश करते हैं। उनके अनुसार सोशल मीडिया पर भी कई तरह की अफवाहें फैलाई जाती हैं, जैसे कि गलत पोस्ट या झूठी जानकारी। ऐसे लोगों की पहचान करके उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए ताकि देश में भ्रम और गलत सूचना न फैले।
इसके अलावा, रामकृपाल यादव ने नीट परीक्षा को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि सरकार ने यह निर्णय लिया है कि परीक्षा में जो गड़बड़ी या लीक जैसी घटनाएं हुई हैं, उनके कारण दोबारा परीक्षा कराई जाएगी। दोबारा परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों से कोई अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी। सरकार का मकसद यह है कि भविष्य में इस तरह की समस्याएं दोबारा न हों और परीक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाया जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए सरकार कई कदम उठा रही है, ताकि छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो। पेपर लीक जैसी घटनाएं बहुत गंभीर अपराध हैं, क्योंकि इससे लाखों मेहनती छात्रों का भविष्य प्रभावित होता है और वे मानसिक तनाव में आ जाते हैं। इसलिए सरकार इस पर सख्त कार्रवाई कर रही है और व्यवस्था को बेहतर बनाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है और सिस्टम में सुधार के लिए कई नए कदम सोच-समझकर लागू किए जा रहे हैं।
उन्होंने बिहार में हाल ही में आए तूफान और आंधी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान आया है, जिससे लोगों को नुकसान हुआ है। पटना भी इससे प्रभावित हुआ था। उन्होंने इसे प्राकृतिक आपदा बताया और कहा कि इस पर किसी का नियंत्रण नहीं होता। लेकिन सरकार की जिम्मेदारी है कि जिन लोगों को नुकसान हुआ है, उन्हें राहत और मुआवजा दिया जाए। इसी क्रम में सरकार लगातार राहत कार्यों में लगी हुई है और लोगों तक मदद पहुंचाने की कोशिश कर रही है।

