N1Live World पीओके हिंसा: जेएएसी की मांग, ‘पाकिस्तानी बल तुरंत अपनी कार्रवाई को दे विराम’
World

पीओके हिंसा: जेएएसी की मांग, ‘पाकिस्तानी बल तुरंत अपनी कार्रवाई को दे विराम’

PoK violence: JAAC demands that 'Pakistani forces immediately cease their actions'

 

इस्लामाबाद, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आम नागरिकों के खिलाफ हिंसक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसे देखते हुए ‘जॉइंट अवामी एक्शन कमिटी’ (जेएएसी) ने पाकिस्तानी अधिकारियों से मांग की है कि वो मासूम लोगों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई तुरंत बंद करें, बल का “गैर-जरूरी” इस्तेमाल रोकें और आम नागरिकों को डराने-धमकाने वाली सभी हरकतों पर विराम लगाएं।

यह बयान तब आया है जब कब्जे वाले इलाके के रावलकोट क्षेत्र में, पाकिस्तानी सुरक्षा बलों द्वारा शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर कथित तौर पर गोलीबारी और ड्रोन हमले किए गए, जिसमें महिलाओं और बच्चों सहित कई लोग मारे गए और कई गंभीर रूप से घायल हो गए।

रावलकोट और आसपास के इलाकों में तनावपूर्ण स्थिति पर गहरी चिंता जताते हुए, जेएएसी ने कहा, “धरने में शामिल शांतिपूर्ण लोग दुश्मन नहीं हैं; वे हमारे अपने ही लोग हैं। नागरिकों पर गोलीबारी, हवाई साधनों से समुदायों को डराना-धमकाना और बल का कोई भी अनावश्यक प्रयोग तुरंत बंद होना चाहिए।”

समिति ने अधिकारियों से आग्रह किया कि मारे गए लोगों के शव बिना किसी देरी के उनके परिवारों को सौंपे जाएं, उनके प्रति औपचारिक संवेदना व्यक्त की जाए और उनकी जरूरत मदद की जाए। साथ ही, सभी घायलों को तुरंत, सुरक्षित और बिना किसी भेदभाव के चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और पीओके में मोबाइल, इंटरनेट तथा अन्य जरूरी संचार सेवाओं को बहाल करने की मांग उठाई।

जेएएसी ने कहा, “मौतों, घायलों, गिरफ्तारियों, बल के गैर-कानूनी इस्तेमाल, सशस्त्र गतिविधियों या उकसावे के आरोपों की एक स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच होनी चाहिए। जांच की प्रक्रिया, अधिकार क्षेत्र, सबूतों को सुरक्षित रखने और गवाहों की सुरक्षा के इंतजाम, तथा रिपोर्ट जारी करने की समय-सीमा पहले से ही लिखित रूप में तय होनी चाहिए। बिना ठोस सबूतों के किसी भी आरोप को एक स्थापित तथ्य के रूप में पेश नहीं किया जाना चाहिए।”

रावलकोट में आम लोगों के घरों को निशाना बनाकर किए गए एक और ड्रोन हमले की खबरों का हवाला देते हुए, जेएएसी ने रविवार को कहा कि इस घटना ने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।

उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “नागरिकों के घरों के खिलाफ विस्फोटक ड्रोन का इस्तेमाल, वहां रहने वालों की सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार कानूनों के उल्लंघन को लेकर बेहद गंभीर चिंताएं पैदा करता है। संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों को तुरंत अधिकारियों से जवाब मांगना चाहिए और नागरिकों की जान बचाने के लिए तत्काल कदम उठाने का दबाव डालना चाहिए।”

इस बीच, ‘यूनाइटेड कश्मीर पीपुल्स नेशनल पार्टी’ (यूकेपीएनपी) ने रावलकोट में शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर सुरक्षा बलों द्वारा की गई अंधाधुंध गोलीबारी, बल के अत्यधिक प्रयोग और कथित ड्रोन हमलों की कड़ी निंदा की है।

समूह ने बताया, “रावलाकोट के मुतियालमारा में बस टर्मिनल के पास एक महिला और एक पुरुष के मारे जाने की खबर है। उमर फारूक चौक पर हमले की सूचना है, जहां भारी मशीन गन से गोलीबारी, ड्रोन के इस्तेमाल और मोर्टार दागे जाने के आरोप लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि आम नागरिकों वाले इलाकों में विस्फोटक गिराने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा दो और लोगों की मौत हो गई है, जिनमें 10 साल की एक बच्ची भी शामिल बताई जा रही है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।”

यूकेपीएनपी ने संयुक्त राष्ट्र (यूएन से स्वतंत्र जांच की मांग की है। साथ ही, उन्होंने पीओके में पाकिस्तानी सैन्य बलों द्वारा की गई हत्याओं और मानवाधिकार उल्लंघन की जांच के लिए एक निष्पक्ष अंतरराष्ट्रीय ‘फैक्ट-फाइंडिंग मिशन’ (तथ्य-खोज दल) गठित करने का आग्रह किया है।

 

Exit mobile version