N1Live National दिल्ली के पुष्प विहार में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन अपराधियों को किया गिरफ्तार
National

दिल्ली के पुष्प विहार में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन अपराधियों को किया गिरफ्तार

Police arrested three criminals after an encounter in Delhi's Pushp Vihar.

दक्षिणी दिल्ली के पुष्प विहार में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। दिल्ली पुलिस की दक्षिण जिला स्पेशल स्टाफ और एएटीएस की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई में तीन अपराधियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। तीनों अपराधी लाडो सराय में हाल ही में रंगदारी के लिए हुई फायरिंग के मामले में शामिल थे। घटना के बाद से वे फरार चल रहे थे।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को अपराधियों को लेकर सूचना मिली थी। इसके बाद स्पेशल स्टाफ इंस्पेक्टर अनुज कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीमों ने जाल बिछाया। इस दौरान, वांटेड अपराधियों ने पुलिस पर गोली चलाई, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने टीम पर करीब 6 राउंड फायरिंग की। इस दौरान, हेड कांस्टेबल संदीप और अरविंद की बुलेट प्रूफ जैकेट पर जाकर गोलियां लगीं। हालांकि, उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अपराधियों के पैरों में गोली लगी और तीसरे बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान राकेश उर्फ राका, सोनू उर्फ अड्डू और पाचन भारत के रूप में हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि तीनों बदमाश प्रिंस तेवतिया गैंग के सक्रिय सदस्य थे। फिलहाल, आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने आगे की कार्रवाई तेज कर दी है।

वहीं, दिल्ली से सटे गाजियाबाद में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया। थाना लोनी पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली कि 30 मई को गनोली के रहने वाले ओमकार सिंह के अपहरण का इनामी अपराधी निठौरा रोड की तरफ आ रहा है। जानकारी मिलने पर पुलिस टीम की ओर से चेकिंग लगाई गई। इसी दौरान बाइक पर सवार एक व्यक्ति निठौरा की तरफ से आते दिखाई दिया, जिसे रुकने का इशारा किया तो वह नहीं रुका।

जब पुलिस टीम की ओर से पीछा किया गया, तो बाइक फिसल गई और आरोपी गौरव पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नियत से फायरिंग करके भागने लगा। पुलिस टीम की ओर से आत्मरक्षा व जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसे घायल अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया।

Exit mobile version