N1Live National दादरी में पुलिस मुठभेड़: लूट-छिनैती का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
National

दादरी में पुलिस मुठभेड़: लूट-छिनैती का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

Police encounter in Dadri: Wanted accused of robbery and snatching arrested

22 अप्रैल । गौतमबुद्धनगर जिले के दादरी क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाकिर पुत्र राजू के रूप में हुई है, जो दादरी कस्बे का ही निवासी है और लंबे समय से लूट व छिनैती के मामलों में वांछित चल रहा था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि थाना दादरी की पुलिस टीम बुधवार को क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक वांछित अपराधी नई बस्ती स्थित श्मशान घाट के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम को देखते ही भागने की कोशिश की और खुद को बचाने के लिए फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त शाकिर घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल आरोपी को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी शाकिर के खिलाफ थाना दादरी में मुकदमा दर्ज है। इसके तहत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 352, 309(6), 310(2), 317(3) के साथ-साथ आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 भी शामिल हैं। ये धाराएं लूट, छिनैती, हमला और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर अपराधों से संबंधित हैं।

थाना दादरी पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जिससे अन्य आपराधिक घटनाओं के खुलासे की भी उम्मीद है। साथ ही, इस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण के लिए इस प्रकार के अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं, और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version