October 8, 2024
National

झारखंड के गढ़वा में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, थाना प्रभारी घायल

रांची, 18 दिसंबर । झारखंड के गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र में नक्सलियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। रंका थाना के प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा नक्सलियों की फायरिंग में जख्मी हो गए हैं। गोलीबारी में दो नक्सलियों के भी मारे जाने की सूचना है।

हालांकि नक्सलियों के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उनके शव बरामद नहीं हुए हैं।

थाना प्रभारी को दो गोलियां लगी हैं। एक गोली सीने में और दूसरी बांह पर।

हालांकि बुलेट प्रूफ जैकेट पहनने के कारण सीने में लगी गोली का असर नहीं हुआ। बांह पर गोली के कारण वो घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए रांची रिम्स लाया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर है।

झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) नामक प्रतिबंधित संगठन के नक्सलियों से मुठभेड़ की यह घटना सोमवार अहले सुबह की बताई जा रही है।

बताया गया कि रंका थाना क्षेत्र के ढेंगुरा गांव के जंगल में नक्सलियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर रंका थाना प्रभारी पुलिस बले के साथ ढेंगुरा जंगल पहुंचे। पुलिस को देखते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस बल ने भी मोर्चा लेकर गोलियां चलाईं।

नक्सलियों के शवों को खोजने के लिए तीन थानों रंका, रमकंडा और चीनियां की पुलिस जंगल में सर्च चला रही है। एसपी गढ़वा दीपक कुमार पांडेय ने बताया कि रंका थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा को मुठभेड़ के दौरान कलाई में गोली लगी है।

Leave feedback about this

  • Service