दिल्ली व्यापार महासंघ (डीवीएम) ने सोमवार को बीते 1 नवंबर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया ब्लॉक की रैली के बाद व्यापार जगत का दृष्टिकोण सामने रखते हुए कहा है कि यह आयोजन राजनीतिक दलों के लिए अपनी बात रखने और शक्ति प्रदर्शन का अवसर रहा होगा, लेकिन दिल्ली के व्यापारिक समुदाय के लिए इसने कई आर्थिक चिंताएं और सवाल छोड़ दिए हैं।
संगठन ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि दीपावली जैसे महत्वपूर्ण कारोबारी सीजन के दौरान बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही, माल की आपूर्ति और व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ना चिंता का विषय है।
डीवीएम ने अपने बयान में कहा कि दिल्ली के थोक बाजार केवल राजधानी की अर्थव्यवस्था का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि देशभर के लाखों छोटे व्यापारियों, खुदरा विक्रेताओं और आपूर्ति शृंखला से जुड़े कारोबारियों की आजीविका का आधार हैं। ऐसे में त्योहारी सीजन के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा का प्रभाव दिल्ली तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका असर देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचता है।
महासंघ ने कहा कि रैली के कारण कारोबारी मौसम के महत्वपूर्ण दिनों में बाजारों की सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुईं। दूसरे राज्यों से दिल्ली आने वाले छोटे व्यापारियों की खरीदारी और व्यापारिक योजनाओं पर असर पड़ा। साथ ही दुकानदारों, कर्मचारियों, मजदूरों, ट्रांसपोर्टरों और उनसे जुड़े परिवारों की आय भी प्रभावित हुई।
संगठन ने आगे बताया कि दिल्ली के प्रमुख बाजारों की सामान्य कारोबारी व्यवस्था और उनकी व्यापारिक छवि को भी झटका लगा। इसके अलावा, ग्राहकों के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म या अन्य व्यापारिक केंद्रों की ओर रुख करने की संभावना भी बढ़ी, जो लंबे समय में स्थानीय कारोबार के लिए चुनौती बन सकती है।
हालांकि डीवीएम ने यह भी माना कि इस पूरे घटनाक्रम का एक सकारात्मक पक्ष भी सामने आया। संगठन के मुताबिक, दिल्ली के व्यापारिक समुदाय की समस्याओं और चिंताओं को व्यापक सार्वजनिक चर्चा का विषय बनने का अवसर मिला। इसके साथ ही देश की अर्थव्यवस्था और आपूर्ति व्यवस्था में दिल्ली के थोक बाजारों की महत्वपूर्ण भूमिका एक बार फिर प्रमुखता से सामने आई।
महासंघ का कहना है कि इस घटना ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में बड़े राजनीतिक या सार्वजनिक आयोजनों की योजना बनाते समय व्यापारिक हितों, जनसुविधाओं और यातायात प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता है।
दिल्ली व्यापार महासंघ ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि वह लोकतांत्रिक अधिकारों और शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शनों का सम्मान करता है। संगठन का मानना है कि प्रत्येक राजनीतिक दल को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन इसके साथ व्यापार, रोजगार, आम नागरिकों की सुविधा और आर्थिक गतिविधियों के प्रति जिम्मेदारी भी उतनी ही जरूरी है।
डीवीएम ने कहा कि राजनीतिक कार्यक्रम कुछ घंटों या कुछ दिनों के लिए होते हैं, लेकिन उनसे होने वाला आर्थिक नुकसान और ग्राहकों के विश्वास पर पड़ने वाला असर लंबे समय तक महसूस किया जा सकता है। इसलिए भविष्य में ऐसे आयोजनों की तारीख और स्थान तय करते समय दिल्ली के व्यापारिक कैलेंडर, त्योहारी सीजन, बाजारों की आवाजाही, माल की आपूर्ति और आम नागरिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
संगठन ने कहा कि “राजनीति अपनी जगह है और व्यापार एवं रोजगार अपनी जगह। दोनों के बीच संतुलन ही एक मजबूत, जिम्मेदार और स्वस्थ लोकतांत्रिक व्यवस्था की पहचान है।”

