N1Live National नितिन नवीन के दौरे को लेकर तैयारी पूरी, पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह: ब्रजेश पाठक
National

नितिन नवीन के दौरे को लेकर तैयारी पूरी, पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह: ब्रजेश पाठक

Preparations for Nitin Navin's visit complete; immense enthusiasm among party workers: Brajesh Pathak

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को लखनऊ पहुंचेंगे। नितिन नवीन के दौरे को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और उनके स्वागत की व्यापक तैयारियां की गई हैं।

यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा, “पूरे राज्य में पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। हम राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन पाने की तैयारियों में जुटे हैं।”

वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने उनके पहले दौरे का स्वागत करते हुए कहा कि एक सहयोगी दल के रूप में वे उन्हें शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल का राष्ट्रीय अध्यक्ष उसकी सबसे बड़ी ताकत और प्रमुख नेता होता है। भाजपा की विचारधारा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की है और इसी लक्ष्य के साथ पार्टी कार्य कर रही है।

राम मंदिर चढ़ावा मामले पर संजय निषाद ने कहा कि आरोप-प्रत्यारोप लगाना आसान है, लेकिन देश में कानून अपना काम करेगा। जांच एजेंसियां निष्पक्ष तरीके से मामले की जांच करेंगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए सजा दिलाई जाएगी। धर्म और राजनीति दोनों की अपनी-अपनी अलग भूमिका है।

संजय निषाद ने कहा कि पहले भी भ्रष्टाचार के मामले होते थे, लेकिन उन्हें दबा दिया जाता था। उनके अनुसार, वर्तमान सरकार के कार्यकाल में ऐसे मामलों की जांच हो रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने लोगों से जांच प्रक्रिया पर भरोसा रखने और बिना सबूत किसी पर आरोप लगाने या जनता को गुमराह करने वाले बयानों से बचने की अपील की।

बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को लखनऊ पहुंचेंगे। वह दो दिन तक प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों से लेकर जिला और शक्ति केंद्र स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठकें करके फीडबैक लेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों डिप्टी सीएम के साथ भी मंथन करेंगे और 2027 की तैयारियों पर चर्चा करेंगे।

नितिन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह पहला संगठनात्मक दौरा है। नवीन इन दो दिन में भाजपा के अलावा गठबंधन दलों के नेताओं से भी संवाद करेंगे। उनके साथ ही बैठकों में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष भी रहेंगे। बैठकों का मुख्य मकसद नई टीम में जोश भरना और सभी से फीडबैक लेकर 2027 की तैयारियों को धार देना है।

Exit mobile version