भुवनेश्वर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भव्य स्वागत की तैयारी की गई है। पंचायत चुनाव से ठीक पहले उनका यह दौरा कार्यकर्ताओं में जोश भरेगा। उनके दौरे को लेकर भाजपा नेता सुदीप्ता रे की प्रतिक्रिया सामने आई है।
भाजपा नेता सुदीप्ता रे ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि नितिन नवीन के दौरे से पूरे ओडिशा में उत्साह है। वे भाजपा के सबसे युवा अध्यक्ष हैं। वे जगन्नाथ प्रभु का आशीर्वाद लेंगे। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की अपील की वजह से साधारण तरीके से सारा कार्यक्रम हो रहा है। कल हम लोगों ने उनका स्वागत किया था। आज पार्टी कार्यालय में कोर टीम की बैठक की जाएगी।
सुदीप्ता रे ने कहा कि इस दौरे से पता चलता है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संगठन को कितना महत्व देते हैं। उनके इस दौरे से पंचायत चुनाव में काफी फायदा होगा। कार्यकर्ताओं, बूथ, पंचायतों और मंडलों पर अध्यक्ष का पूरा फोकस है। उन्होंने कहा कि ओडिशा में संगठन को मजबूत किया जाएगा।
भाजपा नेता प्रताप सारंगी ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के ओडिशा के पहले दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ता उत्साहित हैं, जिससे संगठन और जमीनी स्तर पर तालमेल को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष बैठक कर कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। हमारी उम्मीद है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की प्रेरणा से कार्यकर्ता लोगों की सेवा लग जाएंगे।
बता दें कि बीते दिन 17 मई को नितिन नवीन ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा था, “आज से, मैं महाप्रभु जगन्नाथ की पावन भूमि में रहूंगा। अगले दो दिनों के दौरान, मैं भुवनेश्वर में ‘जिला प्रशिक्षण वर्ग’ में शामिल होऊंगा और हमारे समर्पित पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक करूंगा। मैं इसके लिए उत्सुक हूं।”
उनके इस दौरे का उद्देश्य पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना और राज्य भर में जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं में जोश भरना है।पार्टी नेताओं का मानना है कि यह दौरा ओडिशा में भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगा और आगामी राजनीतिक और विकासात्मक पहलों से पहले पार्टी नेतृत्व और जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय को और मजबूत करेगा।

