प्रयागराज, 11 फरवरी । 13 जनवरी से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में देशभर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संगम में पवित्र स्नान किया। इस दौरान अपने बीच राष्ट्रपति को पाकर वहां मौजूद श्रद्धालु भी काफी उत्साहित दिखे। कुछ श्रद्धालुओं से न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत की।
नवीन कुमार ने कहा, “मैं ओडिशा से आया हूं। आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पवित्र संगम में स्नान किया है। मुझे काफी गर्व हो रहा है। क्योंकि, राष्ट्रपति जी हमारे स्टेट से आती हैं। बाकी प्रयागराज आकर बहुत अच्छा लग रहा है। यहां पर मेला प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए अच्छी व्यवस्था की है। किसी भी प्रकार से कोई दिक्कत नहीं हुई है। पवित्र संगम में स्नान कर बहुत अच्छा लग रहा है।”
ओडिशा से आए राजेश कुमार ने कहा, “मैं दूसरी बार प्रयागराज आया हूं। पवित्र संगम में स्नान करने से मन को काफी शांति मिली है। यहां प्रशासन ने इतनी अच्छी व्यवस्था की है कि बार-बार यहां आने का मन करता है। आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यहां पर पवित्र संगम में स्नान किया है। यह हमारे लिए गर्व की बात है। आस्था के संगम में देश भर के श्रद्धालु संगम में डुबकी लगाने के लिए पहुंचे हैं। यहां पर मेला प्रशासन द्वारा भीड़ को नियंत्रित किया गया है।”
बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संगम में पवित्र स्नान करने के बाद अक्षयवट का दर्शन-पूजन किया। उनके साथ यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी मौजूद रहे।
ज्ञात हो कि 13 जनवरी से अब तक 43.57 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी परिवार के साथ संगम में डुबकी लगाई और भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। उधर महाकुंभ के चलते प्रयागराज शहर में जबरदस्त भीड़ है। इसे देखते हुए सुरक्षा के और इंतजाम किए गए हैं। कई जगह ट्रैफिक वनवे कर दिया गया है।
Leave feedback about this