25 फरवरी । ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के प्रमुख मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने पीएम मोदी के दो दिवसीय इजरायल दौरे को लेकर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के बयान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ने हमेशा इजरायल के खिलाफ आवाज बुलंद की।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि प्रधानमंत्री मोदी इजरायल यात्रा पर नेसेट को संबोधित करते हुए गाजा में हजारों बेगुनाह पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के नरसंहार का जिक्र करेंगे और उनके लिए न्याय की मांग करेंगे। भारत एक आजाद देश के तौर पर अपने पूरे इतिहास में सही के लिए खड़ा रहा है, हमें दुनिया को सच्चाई, शांति और न्याय की रोशनी दिखाते रहना चाहिए।
शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि कांग्रेस की सांसद प्रियंका गांधी ने जिस तरह गाजा-फिलिस्तीन का मुद्दा उठाया है, वह बिल्कुल सही है और बिल्कुल दुरुस्त तरीके से काम किया है। उन्होंने हकपरस्ती की बात की है। मैं प्रधानमंत्री को मुस्लिम-मुखालिफ नहीं कहूंगा। उनके अरब देशों और भारत के मुसलमानों से अच्छे रिश्ते हैं। मगर यह बात जरूर कहूंगा कि मौजूदा सूरत-ए-हाल में उन्हें नेतन्याहू से मिलने के लिए नहीं जाना चाहिए था। नेतन्याहू करप्ट और हजारों औरतों, बच्चों और बूढ़ों का कातिल है। इजरायल के सुप्रीम कोर्ट में उन पर केस चल रहे हैं। उनके बहुत से साथी करप्शन में जेलों में बंद हैं। इंटरनेशनल कोर्ट ने उनके खिलाफ वारंट जारी कर रखा है। इसीलिए अभी यात्रा पर जाने से बचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इजरायल हमेशा मुस्लिम देशों के खिलाफ रहता है। फिलिस्तीनी मुस्लिमों पर हमले करता है। रोजाना हमला करता रहता है, मुस्लिम देश इजरायल के खिलाफ रहते हैं, अमेरिका और ईरान में जंग होने के हालात हैं। ऐसे में पीएम मोदी को इजरायल की यात्रा नहीं करनी चाहिए थी।
दूसरी ओर सत्ता पक्ष के नेताओं का मानना है कि पीएम मोदी के इजरायल दौरे से दोनों देशों के बीच रिश्ते मजबूत होंगे।

