N1Live National जब तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते, तब तक जारी रहेगा विरोध प्रदर्शन : आशुतोष रांका
National

जब तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते, तब तक जारी रहेगा विरोध प्रदर्शन : आशुतोष रांका

Protests will continue until the Education Minister resigns: Ashutosh Ranka

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन लगातार जारी है। इस बीच संगठन के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने बुधवार को कहा कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर से नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन युवाओं के मुद्दों को लेकर किया जा रहा है और इसे आगे भी जारी रखा जाएगा।

आशुतोष रांका ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “हम लोग यहीं बैठे रहेंगे। जंतर-मंतर से हिलने वाले नहीं हैं, जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते।”

कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के बाहर किए गए प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए रांका ने कहा कि यह उनका अधिकार है और संगठन इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता। उन्होंने कहा कि जो भी नेता या संगठन युवाओं के मुद्दों को उठा रहा है, उसका स्वागत किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति या पार्टी अपने स्तर पर मुद्दे उठा सकती है, लेकिन अगर सभी लोग मिलकर काम करते हैं तो आंदोलन को ज्यादा मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल अगर युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठा रहे हैं तो यह अच्छी बात है। देश को सही दिशा में ले जाने के लिए सभी को साथ आने की जरूरत है।

वहीं, प्रवक्ता विजेता दहिया को पद से हटाने को लेकर आशुतोष रांका ने कहा कि संगठन पहले ही इस संबंध में स्पष्टीकरण दे चुका है। उन्होंने कहा कि कुछ ऐसे वीडियो सामने आए थे जो बेहद संवेदनशील थे और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए संगठन ने कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से हटाने का फैसला किया।

प्रदर्शन को मिल रहे समर्थन और खाने-पीने की सामग्री पहुंचने को लेकर उठ रहे सवालों पर भी रांका ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति या संगठन की फंडिंग नहीं है, बल्कि देश के लोगों का समर्थन है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों से लोग प्रदर्शनकारियों के लिए खाना भेज रहे हैं।

रांका ने कहा कि बिहार, अहमदाबाद, केरल और जयपुर जैसे कई स्थानों से लोग ऑर्डर भेज रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लोग खुद बता रहे हैं कि उन्होंने कहां से कहां मदद भेजी जा रही है।

Exit mobile version