N1Live Entertainment नसीरुद्दीन शाह के ‘दिमागी नक्सल’ बयान पर पुनीत इस्सर का पलटवार, सरकार पसंद नहीं तो चुनाव लड़ें
Entertainment

नसीरुद्दीन शाह के ‘दिमागी नक्सल’ बयान पर पुनीत इस्सर का पलटवार, सरकार पसंद नहीं तो चुनाव लड़ें

नसीरुद्दीन शाह के ‘दिमागी नक्सल’ वाला बयान आने के बाद मनोरंजन जगत के सितारों की प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। अभिनेता पुनीत इस्सर ने भी अपने सीनियर और अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी।

दरअसल, अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की। उनका कहना है कि सरकार और उनके समर्थकों द्वारा उन जैसे आलोचकों को ‘एंटी-नेशनल’ और ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ जैसे नाम दिए जाते हैं।

नसीरुद्दीन शाह ने वीडियो संदेश में कहा, “मैं फक्र के साथ कहता हूं, मैं दिमागी नक्सल हूं।” शाह ने यह भी कहा कि जो लोग भाजपा की विचारधारा से सहमत नहीं हैं, उन्हें निशाना बनाया जा रहा है और उनसे बदला लेने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने वर्तमान सरकार को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

अभिनेता पुनीत इस्सर ने आईएएनएस के साथ बातचीत में नसीरुद्दीन शाह के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “पहली बात तो यह है कि नसीरुद्दीन शाह जी मेरे सीनियर हैं। उन्होंने हमें पढ़ाया भी है और एक उम्दा किस्म के कलाकार हैं, लेकिन मैं कहना चाहूंगा कि जब वह किसी भी मुद्दे पर बात करते हैं, तो एक तरह की बातें करते हैं। वह दुनिया या फिर हिंदुस्तान के कई मुद्दों पर मूकदर्शक बने रहते हैं।”

अभिनेता का कहना है कि नसीरुद्दीन नक्सलियों का समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा, “उनकी एक तरफा लेफ्टिस्ट वाली सोच है और वे उसी हिसाब से बातें करते हैं। इसी के साथ ही नक्सलियों को छुड़ाने की बात करते हैं और अगर वह इस तरह की बातें करेंगे, तो उनकी भारतीयता पर सवाल तो उठेगा।”

पुनीत इस्सर ने कहा, “मुझे बस यही कहना है कि उनको हर मुद्दे पर अपने विचार रखने, सरकार के खिलाफ बोलने का अधिकार है। अगर उनको सरकार पसंद नहीं आती है तो वह चुनाव लड़ें और इस सरकार को हरा दें, क्योंकि सरकार तो मनमानी से नहीं बनी है और इसे लोगों ने वोट देकर जिताया है।” अभिनेता परेश रावल का कहना है कि कि हर किसी को अपनी भावनाएं व्यक्त करने का अधिकार है और वे नसीर भाई की निजी राय पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।

Exit mobile version