चंडीगढ़, 11 जून: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की बेहतर प्रशासन प्रदान करने की वचनबद्धता के कारण राज्य के परिवहन विभाग ने वर्ष 2019-2022 के मुकाबले वर्ष 2022-2025 के दौरान 5375.65 करोड़ रुपए का अतिरिक्त राजस्व एकत्रित किया है, जो राज्य सरकार के बेहतर प्रशासन का प्रमाण है।
पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने यह जानकारी साझा करते हुए बताया कि पंजाब परिवहन विभाग के गैर-वाणिज्यिक विंग, पनबस और रोडवेज तथा पेप्सू ने राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है, जो विभाग के वित्तीय प्रदर्शन को बेहतर बनाने के प्रयासों को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि पंजाब परिवहन विभाग राजस्व संग्रह बढ़ाने और जनता के लिए अपनी सेवाओं में सुधार करने के लिए अपने प्रयासों को जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
परिवहन मंत्री ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में परिवहन विभाग के गैर-वाणिज्यिक विंग (एसटीसी) ने कुल 9037.49 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है।
उन्होंने बताया कि इसके विपरीत वर्ष 2019-2020, 2022-2021 और 2021-2022 के दौरान 5825.38 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित हुआ।
बेहतर प्रशासन के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2022-2023, 2023-2024 तथा 2024-2025 के दौरान 3212.11 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व एकत्रित किया गया है, जो एक रिकार्ड है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पनबस और पंजाब रोडवेज़ ने वर्ष 2022-2025 के तीन सालों के दौरान 2323.21 करोड़ रुपए का अतिरिक्त राजस्व एकत्रित किया है, जबकि वर्ष 2019-2022 में यह 1332.03 करोड़ रुपए था, जोकि 990.91 करोड़ रुपए की वृद्धि है।
श्री भुल्लर ने बताया कि पेप्सू रोडवेज ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन ने वर्ष 2022-2025 के दौरान 2894.15 करोड़ रुपए का राजस्व एकत्रित किया है, जबकि वर्ष 2019-2022 में यह 1721.52 करोड़ रुपए था। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022-2025 के लिए राजस्व पिछले तीन वर्षों की तुलना में 1172.63 करोड़ रुपए अधिक है।
भुल्लर ने आगे कहा कि परिवहन विभाग का यह प्रभावशाली प्रदर्शन विभाग की राजस्व संग्रहण पद्धति में सुधार के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के ईमानदार प्रयासों के कारण पंजाब सर्वपक्षीय विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार पिछले तीन वर्षों से पंजाब को रंगला पंजाब बनाने की दिशा में काम कर रही है।
Leave feedback about this