N1Live Entertainment पढ़ाई पूरी होते ही मुंबई शिफ्ट होंगे ‘राख’ के अभिनेता विवान शर्मा, बोले-‘अब पूरी तरह एक्टिंग पर फोकस करूंगा’
Entertainment

पढ़ाई पूरी होते ही मुंबई शिफ्ट होंगे ‘राख’ के अभिनेता विवान शर्मा, बोले-‘अब पूरी तरह एक्टिंग पर फोकस करूंगा’

'Raakh' actor Vivaan Sharma to shift to Mumbai after completing his studies; says, "Now I will focus entirely on acting."

वेब सीरीज ‘राख’ में साहिल अरोड़ा का किरदार निभाकर अभिनेता विवान शर्मा दर्शकों की सराहना हासिल कर रहे है। वह अभिनय के साथ-साथ अपनी पढ़ाई पर भी ध्यान दे रहे है। इस कड़ी में उन्होंने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में स्कूली पढ़ाई पूरी होने के बाद फ्यूचर प्लानिंग को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि जल्द ही वह मुंबई शिफ्ट होकर पूरी तरह अभिनय की दुनिया में कदम रखने की तैयारी कर रहे हैं।

आईएएनएस ने जब विवान शर्मा से पूछा कि क्या वह हमेशा के लिए मुंबई में रहने का प्लान कर रहे हैं, तो इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, ”फिलहाल मैंने अपनी स्कूल की पढ़ाई पूरी कर ली है। पढ़ाई मेरे लिए हमेशा सबसे जरूरी रही है। अभिनय के साथ-साथ मैंने पढ़ाई को कभी नजरअंदाज नहीं किया और हमेशा अच्छे नंबर लाने की कोशिश की। मेरा मानना है कि जिंदगी में अच्छी शिक्षा होना भी उतना ही जरूरी है, जितना किसी दूसरे क्षेत्र में सफल होना।”

विवान ने कहा, “मेरी हमेशा से इच्छा थी कि जिस स्कूल से मैंने अपनी पढ़ाई शुरू की थी, उसी स्कूल से उसे पूरा भी करूं। इसलिए मैंने बीच में पढ़ाई छोड़ने या किसी दूसरे शहर जाने का फैसला नहीं किया। मैंने पहले अपनी पढ़ाई पूरी की और अब जब यह पढ़ाई खत्म हो चुकी है, तो मैं अपने अभिनय के सपने को पूरा करने के लिए पूरी तरह तैयार हूं।”

उन्होंने कहा, ”अब मेरा अगला कदम मुंबई शिफ्ट होना है। वहां जाकर मैं पूरी तरह अभिनय पर ध्यान दूंगा और इसे अपना फुल-टाइम करियर बनाऊंगा। मैं लंबे समय से इस पल का इंतजार कर रहा था। अब मैं ज्यादा समय फिल्मों, वेब सीरीज और दूसरे प्रोजेक्ट्स को देना चाहता हूं, ताकि एक कलाकार के रूप में खुद को और बेहतर बना सकूं।”

वेब सीरीज ‘राख’ में अपने किरदार की तैयारी के बारे में बात करते हुए विवान ने बताया, ”मैंने इस भूमिका के लिए काफी मेहनत की थी। पुराने दौर के कई वीडियो और क्लासिक गाने देखे, ताकि उस समय के अभिनय और डांस की शैली को समझ सकूं। खास तौर पर मैंने दिग्गज अभिनेता शम्मी कपूर की परफॉर्मेंस को ध्यान से देखा। मुझे पहले से डांस करना पसंद था, लेकिन स्टाइल मॉडर्न और हिप-हॉप से जुड़ा हुआ था। ऐसे में पुराने दौर की डांस शैली सीखना मेरे लिए आसान नहीं था। मैंने लगातार प्रैक्टिस की और अपने किरदार की जरूरत के हिसाब से खुद को तैयार किया।”

विवान ने कहा, “किसी भी किरदार को निभाने के लिए सिर्फ डायलॉग याद करना काफी नहीं होता, बल्कि उसके इमोशन्स को महसूस करना भी जरूरी है। हर सीन से पहले मैं खुद को यह याद दिलाता था कि मैं साहिल हूं और उसके मुताबिक ही प्रतिक्रिया देता था।”

विवान ने निर्देशक प्रशांत सिन्हा की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “निर्देशक हर सीन की भावना समझाते थे, लेकिन कभी यह नहीं बताते थे कि कलाकार को किस तरह अभिनय करना है। वह सभी कलाकारों को अपने तरीके से किरदार निभाने की पूरी आजादी देते थे। इसी भरोसे और खुली सोच की वजह से कलाकार बिना किसी दबाव के बेहतर प्रदर्शन कर पाए।”

बता दें कि ‘राख’ सीरीज 12 जून से प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।

Exit mobile version