N1Live Entertainment रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ हिंदी में भी होगी रिलीज, निर्माताओं ने दी जानकारी
Entertainment

रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ हिंदी में भी होगी रिलीज, निर्माताओं ने दी जानकारी

सुपरस्टार रजनीकांत अभिनीत आगामी फिल्म ‘जेलर 2’ के निर्माताओं ने फिल्म की हिंदी रिलीज को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। सोमवार को फिल्म के पब्लिसिस्ट ने निर्माताओं की ओर से एक बयान जारी कर उन खबरों का खंडन किया, जिनमें दावा किया गया था कि फिल्म हिंदी में रिलीज नहीं होगी।

बयान में कहा गया, “हाल की मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि ‘जेलर 2’ हिंदी में रिलीज नहीं होगी। हम आधिकारिक तौर पर स्पष्ट करना चाहते हैं कि फिल्म का हिंदी संस्करण 15 अक्टूबर को अन्य भाषाओं के साथ निर्धारित योजना के अनुसार सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।”

निर्माताओं ने आगे कहा, “फिल्म को उत्तर भारत में पेन मरुधर एंटरटेनमेंट द्वारा वितरित किया जाएगा। हिंदी में थिएटर रिलीज के निर्धारित कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। हम सभी मीडिया संस्थानों और प्लेटफॉर्म से अनुरोध करते हैं कि वे इस स्पष्टीकरण पर ध्यान दें और फिल्म की रिलीज को लेकर किसी भी अपुष्ट जानकारी का प्रसार न करें। मीडिया के निरंतर सहयोग और समर्थन के लिए हम आभारी हैं।”

‘जेलर 2’, साल 2023 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जेलर’ का सीक्वल है। इस फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर रिटायर्ड जेलर टाइगर मुथुवेल पांडियन की भूमिका में नजर आएंगे, जो अपराधी नेटवर्क और अपने परिवार को मिल रही धमकियों से जुड़े एक नए खतरनाक संघर्ष में उलझ जाते हैं।

फिल्म में मोहनलाल, शिव राजकुमार, जैकी श्रॉफ, मिथुन चक्रवर्ती, विद्या बालन, एस.जे. सूर्या और सूरज वेंजारामूडु भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। वहीं अनिरुद्ध रविचंदर ने फिल्म का संगीत दिया है। फिल्म के ट्रेलर में बड़े स्तर का एक्शन, डार्क ह्यूमर और दमदार टकराव देखने को मिलता है। रजनीकांत ने कहा है कि उन्होंने इस सीक्वल के लिए इसलिए सहमति दी क्योंकि पहली फिल्म की कहानी को आगे बढ़ाने की पर्याप्त गुंजाइश थी।

सन पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है। फिल्म 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Exit mobile version