12 फरवरी । अभिनेता राजकुमार राव अक्सर ऐसी फिल्में चुनते हैं जो सिर्फ मनोरंजन ही नहीं करतीं, बल्कि दर्शकों को कोई संदेश भी देती हैं। साल 2022 में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘बधाई दो’ भी इसी तरह की एक खास फिल्म थी।
इस फिल्म ने समलैंगिक अधिकारों और समाज में छिपी कई संवेदनशील बातों पर खुलकर चर्चा की। फिल्म में राजकुमार के साथ अभिनेत्री भूमि पेडनेकर मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। बुधवार को फिल्म ने रिलीज के 4 साल पूरे कर लिए हैं।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का एक वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने फिल्म के एक खास सीन का वीडियो शेयर किया। अभिनेत्री ने लिखा, “‘बधाई दो’ के 4 साल पूरे हो गए, और इस फिल्म के लिए मेरा प्यार दिन-ब-दिन और बढ़ता जा रहा है।”
साल 2022 में रिलीज हुई फिल्म ‘बधाई दो’ एक हिंदी कॉमेडी-ड्रामा फिल्म है, जो लैवेंडर मैरिज और समलैंगिक अधिकारों जैसे संवेदनशील विषयों पर आधारित थी। हर्षवर्धन कुलकर्णी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में राजकुमार राव (शार्दुल ठाकुर) और भूमि पेडनेकर (सुमन सिंह) मुख्य भूमिकाओं में थे।
यह फिल्म मनोरंजन के साथ एलजीबीटीक्यू समुदाय के संघर्ष, सामाजिक मानदंडों और फैमिली प्रेशर को ईमानदारी से दर्शाती है। फिल्म की कहानी में एक समलैंगिक पुलिस अधिकारी (शार्दुल) और एक समलैंगिक शिक्षिका (सुमन) अपने परिवारों से बचने के लिए शादी कर लेते हैं, लेकिन उनके जीवन में तब उलझनें बढ़ जाती हैं जब दोनों अपनी असलियत छुपाकर एक-दूसरे के साथ एक छत के नीचे रहते हैं।
फिल्म को दर्शकों की तरफ से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी, लेकिन इसकी कहानी और संदेश ने दर्शकों के दिलों में गहरी छाप छोड़ी थी। फिल्म में भूमि और राजकुमार के अलावा गुलशन देवैया, चुम दारंग, शीबा चड्ढा और सीमा पाहवा ने मुख्य भूमिकाओं में थे।
अभिनेत्री जल्द ही सीरीज ‘दलदल’ में नजर आएंगी। इसमें उन्होंने एक पुलिस अधिकारी की भूमिका अदा की है। मेकर्स ने सीरीज का टीजर जारी कर दिया है। फैंस इसकी तारीफ कर रहे हैं, और उनके बीच सीरीज को लेकर काफी उत्सुकता बनी हुई है।

