N1Live Entertainment रजनीश दुग्गल का नया माइक्रो-ड्रामा ‘भुला दिया तुझे’ जल्द होगा रिलीज, बोले- ‘यह कहानी भावनाओं की गहराई को दिखाती है’
Entertainment

रजनीश दुग्गल का नया माइक्रो-ड्रामा ‘भुला दिया तुझे’ जल्द होगा रिलीज, बोले- ‘यह कहानी भावनाओं की गहराई को दिखाती है’

Rajneesh Duggal's new micro-drama 'Bhula Diya Tujhe' will release soon; he says, 'This story explores the depth of emotions'

मनोरंजन की दुनिया में इन दिनों माइक्रो-ड्रामा का चलन तेजी से बढ़ता जा रहा है। इसी बीच अभिनेता रजनीश दुग्गल भी अब एक नए माइक्रो-ड्रामा ‘भुला दिया तुझे’ के जरिए दर्शकों के सामने आने वाले हैं। यह शो प्यार, त्याग, टूटे रिश्तों, दर्द और जिंदगी में दोबारा उम्मीद तलाशने जैसी भावनाओं पर आधारित है। यह शो जल्द ही क्विक टीवी पर जारी किया जाएगा।

रजनीश दुग्गल ने अपने इस नए प्रोजेक्ट को लेकर बात करते हुए कहा, ‘भुला दिया तुझे’ सिर्फ एक साधारण प्रेम कहानी नहीं है, बल्कि यह उन भावनात्मक संघर्षों को दिखाता है, जिनसे लोग अपनी निजी जिंदगी में गुजरते हैं। यह शो दर्शकों को रिश्तों के अलग-अलग पहलुओं से जोड़ने की कोशिश करेगा।

उन्होंने स्क्रिप्ट की तारीफ करते हुए कहा, ”इसकी कहानी बेहद दमदार, वास्तविक और भावनाओं से भरपूर है। जब मैंने पहली बार इसकी स्क्रिप्ट पढ़ी तो मुझे लगा कि यह कहानी लोगों की जिंदगी से जुड़ी हुई है। इसमें ऐसे सीन्स हैं, जो सीधे दिल को छू जाएंगे। जिन लोगों को गहराई और असली भावनाओं वाली कहानियां पसंद हैं, उनके लिए यह शो खास अनुभव होगा।”

अभिनेता ने आगे कहा, ”इस प्रोजेक्ट ने मुझे एक कलाकार के रूप में भी काफी कुछ नया महसूस कराया है। शो में रिश्तों की जटिल भावनाओं को बेहद संवेदनशील तरीके से दिखाया गया है। कहानी में प्यार के साथ-साथ दर्द, पछतावा और जिंदगी में दूसरे मौके की अहमियत को समझाने की कोशिश की गई है।”

रजनीश दुग्गल ने माइक्रो-ड्रामा फॉर्मेट के बारे में भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, ”आज के समय में दर्शकों की पसंद बदल रही है और लोग कम समय में असरदार कंटेंट देखना पसंद कर रहे हैं। माइक्रो-ड्रामा फॉर्मेट इंडस्ट्री को तेजी से बदल रहा है, क्योंकि इसमें कम समय में भी मजबूत और दिल छू लेने वाली कहानियां दिखाई जा सकती हैं।”

उन्होंने कहा, ”इस तरह का फॉर्मेट दर्शकों से तुरंत जुड़ने में मदद करता है। साथ ही इसमें सिनेमाई अंदाज, भावनात्मक गहराई और कहानी का प्रभाव भी बना रहता है। यही वजह है कि माइक्रो-ड्रामा अब तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं और दर्शकों के बीच अपनी खास जगह बना रहे हैं।”

Exit mobile version