N1Live Entertainment करीब दस साल बाद अनंत महादेवन के साथ फिर मंच पर लौटे राकेश बेदी, ‘लास्ट ओवर’ में क्रिकेट के साथ दिखेगा रिश्तों का रंग
Entertainment

करीब दस साल बाद अनंत महादेवन के साथ फिर मंच पर लौटे राकेश बेदी, ‘लास्ट ओवर’ में क्रिकेट के साथ दिखेगा रिश्तों का रंग

दिग्गज एक्टर राकेश बेदी हिंदी सिनेमा, टेलीविजन और थिएटर में जाना-पहचाना नाम हैं। खासकर कॉमेडी और आम जिंदगी से जुड़े किरदारों में उनका अंदाज दर्शकों को काफी पसंद आया है। अब राकेश बेदी एक बार फिर थिएटर के मंच पर नजर आने वाले हैं और इस बार उनके साथ एक ऐसा चेहरा भी है, जिसके साथ वह करीब एक दशक बाद दोबारा काम कर रहे हैं।

राकेश बेदी और एक्टर-डायरेक्टर अनंत महादेवन अपने चर्चित प्ले ‘लास्ट ओवर’ के साथ अमेरिका टूर पर जा रहे हैं। यह प्ले सिर्फ क्रिकेट मैच की कहानी नहीं है, बल्कि इसके जरिए परिवार, शादी, रिश्तों और क्रिकेट को लेकर लोगों के जुनून को मजेदार अंदाज में दिखाया गया है।

‘लास्ट ओवर’ एक अर्बन हिंदी सिचुएशनल कॉमेडी है, जिसकी कहानी क्रिकेट के बैकड्रॉप पर आगे बढ़ती है। खासकर भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर लोगों में किस तरह का जुनून देखने को मिलता है, इसे कहानी में ह्यूमर के साथ दिखाया गया है। अब इस प्ले को अमेरिका के दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा। टूर के दौरान न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और बोस्टन में इसके शो होंगे।

राकेश बेदी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, ”किसी प्ले को टूर पर लेकर जाना अपने आप में खास अनुभव होता है। अमेरिका में रहने वाले ऐसे बहुत से लोग हैं, जो हिंदी थिएटर और भारतीय कहानियों से आज भी जुड़े हुए हैं। ‘लास्ट ओवर’ के सेंटर में क्रिकेट जरूर है, लेकिन इसकी असली कहानी परिवार और रिश्तों की है।”

अभिनेता ने कहा, ”मैं अमेरिका में दर्शकों के सामने इस कहानी को पेश करने को लेकर काफी एक्साइटेड हूं। लाइव थिएटर की सबसे खास बात दर्शकों का रिएक्शन होता है और मैं यह देखने के लिए उत्सुक हूं कि वहां के दर्शक प्ले की कॉमेडी और इमोशनल सीन्स को किस तरह लेते हैं।”

‘लास्ट ओवर’ का अमेरिका टूर 25 सितंबर को न्यूयॉर्क के पोर्ट वाशिंगटन स्थित जीन रिम्स्की थिएटर से शुरू होगा। इस पूरे टूर को प्रिया त्रेहान हैदर लेकर आ रही हैं, जबकि न्यूयॉर्क शो को भावना शर्मा और जसबीर जयसिंह ऑर्गनाइज कर रहे हैं। प्ले में क्रिकेट, परिवार और रिश्तों के साथ भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर होने वाली दीवानगी को भी कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया है।

अनंत महादेवन के लिए भी यह प्ले काफी खास है। उन्होंने कहा, ”मैं और राकेश बेदी लंबे समय से एक-दूसरे को जानते हैं। ‘लास्ट ओवर’ के जरिए दोनों पहली बार एक साथ स्टेज पर आए थे। करीब एक दशक बाद उसी प्ले के लिए फिर से साथ आना खास एहसास है। प्ले ने हमारे साथ कई सालों का सफर तय किया है, लेकिन हर बार लाइव परफॉर्म करने का एक्साइटमेंट वैसा ही रहता है।”

कोकोनट थिएटर के प्रेजेंटेशन और प्रोडक्शन में तैयार प्ले में राकेश बेदी और अनंत महादेवन के अलावा अभिषेक पटनायक, जैकरी कॉफिन, अहान निर्बन और यशस्वी गांधी भी नजर आएंगे। इसे अभिषेक पटनायक ने लिखा है, जबकि सुकेतु शाह के साथ मिलकर इसे को-डायरेक्ट किया है।

Exit mobile version