N1Live Entertainment राम यशवर्धन ने बताया सोशल मीडिया से क्यों रहते हैं दूर, बोले- ‘मैं इसे अपना रिज्यूमे नहीं मानता’
Entertainment

राम यशवर्धन ने बताया सोशल मीडिया से क्यों रहते हैं दूर, बोले- ‘मैं इसे अपना रिज्यूमे नहीं मानता’

Ram Yashvardhan explains why he stays away from social media, says, "I don't consider it my resume."

अभिनेता राम यशवर्धन ने पौराणिक किरदारों के जरिए टीवी की दुनिया में अलग पहचान बनाई है। ‘शिव शक्ति- तप त्याग तांडव’ में भगवान शिव का किरदार निभाने के बाद राम घर-घर में पहचाने जाने लगे। अब वह अगले प्रोजेक्ट ‘अज्ञातवास’ को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें वह महाभारत के मशहूर किरदार दुर्योधन की भूमिका निभाते नजर आएंगे। इस बीच उन्होंने निजी जिंदगी से जुड़ी कई बातें शेयर की।

अभिनेता ने बताया कि वह सोशल मीडिया पर अपनी कोई खास इमेज बनाने की कोशिश नहीं करते। इसके अलावा, उन्होंने परिवार, फिटनेस और लिखने के शौक के बारे में भी खुलकर बात की।

राम यशवर्धन ने कहा, ”जब सोशल मीडिया पर मौजूदगी की बात आती है तो मैं इसके लिए कोई अलग या सोच-समझकर ब्रांड बनाने की कोशिश नहीं करता। मैं असल जिंदगी में जैसा हूं, सोशल मीडिया पर भी वैसा ही हूं। मैं इसे अपना रिज्यूमे नहीं मानता। यह मैं हूं, मेरी जिंदगी है और मैं कितना खुश हूं, वही सोशल मीडिया पर नजर आता है।”

राम ने कहा, ”आज के दौर में सोशल मीडिया कलाकारों के लिए काफी जरूरी हो गया है। किसी अभिनेता की एक्टिंग के साथ-साथ सोशल मीडिया पर मौजूदगी भी लोगों के बीच उसकी पहचान बनाने में मदद करती है। मैं खुद सोशल मीडिया पर ज्यादा एक्टिव नहीं रह पाता। ऐसा नहीं है कि मैं सोशल मीडिया पर रहना पसंद नहीं करता, बस इसके लिए ज्यादा समय नहीं निकाल पाता।”

उन्होंने आगे कहा, ”सोशल मीडिया से दूर रहने की एक वजह मेरी निजी जिंदगी भी है। मैंने खुद को पूरी तरह फैमिली पर्सन बनाया हुआ है। जब शूटिंग नहीं होती, तो मैं अपना ज्यादातर समय घर पर परिवार के साथ बिताना पसंद करता हूं। परिवार के साथ मस्ती करना, पार्टी करना और आराम से समय बिताना मुझे काफी पसंद है।”

राम यशवर्धन फिटनेस को लेकर भी काफी गंभीर हैं। उन्होंने कहा, ”एक्सरसाइज काफी लंबे समय से मेरी जिंदगी का अहम हिस्सा है। मेरा दिन एक्सरसाइज से शुरू होता है और चाहे मैं कितना भी व्यस्त क्यों न रहूं, जिम जाना नहीं छोड़ता। जब मैं शूटिंग नहीं कर रहा होता, तो मेरे लिए सबसे बड़ा काम जिम होता है।”

राम ने कहा, ”मुझे लिखने का शौक है। जब भी मेरा मन करता है, मैं कुछ न कुछ लिखता रहता हूं। मैं कभी फिल्मी डायलॉग लिखता हूं, तो कभी शायरी। हालांकि, मैं खुद को लेखक नहीं मानता।”

Exit mobile version