N1Live National रामगढ़: झारखंड इस्पात प्लांट में फर्नेस ब्लास्ट से 9 मजदूर झुलसे, 7 की हालत बेहद नाजुक
National

रामगढ़: झारखंड इस्पात प्लांट में फर्नेस ब्लास्ट से 9 मजदूर झुलसे, 7 की हालत बेहद नाजुक

Ramgarh: 9 workers injured in furnace blast at Jharkhand steel plant, 7 in critical condition

6 अप्रैल । झारखंड के रामगढ़ जिले में हेसला स्थित ‘झारखंड इस्पात प्लांट प्राइवेट लिमिटेड’ में सोमवार तड़के फर्नेस फटने से भीषण विस्फोट हुआ, जिसकी चपेट में आकर 9 मजदूर बुरी तरह झुलस गए। घायलों में से 7 की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार तड़के करीब 4 बजे जब प्लांट में काम चल रहा था, तभी अचानक फर्नेस में जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। फर्नेस के पास काम कर रहे मजदूर गर्म पिघले लोहे और आग की लपटों की चपेट में आ गए। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल उत्पादन कार्य ठप हो गया।

हादसे के तुरंत बाद सभी 9 घायलों को रांची रोड स्थित ‘द होप हॉस्पिटल’ ले जाया गया। अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, घायल मजदूरों में से 7 की हालत बेहद नाजुक है, जो 60 से 90 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से झुलसे मजदूरों को रांची स्थित देवकमल अस्पताल रेफर कर दिया गया है। हादसे में झुलसे मजदूरों की पहचान अखिल राय, बृजलाल बेदिया, राजबालन यादव, महेश महतो, अशोक बेदिया, पंडित जी (राजू झा), छोटू साव और सुरेश बेदिया के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों की अनदेखी को हादसे की वजह माना जा रहा है। इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों और मजदूर संगठनों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्लांट प्रबंधन पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और प्रबंधन को घायलों के समुचित इलाज का निर्देश दिया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ब्लास्ट के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Exit mobile version