N1Live National रामकृपाल यादव का पप्पू यादव पर हमला, कहा-संसद में नौटंकी कर सनातन का अपमान किया
National

रामकृपाल यादव का पप्पू यादव पर हमला, कहा-संसद में नौटंकी कर सनातन का अपमान किया

Ramkripal Yadav attacks Pappu Yadav, says he insulted Sanatan Dharma by engaging in theatrics in Parliament.

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर संसद परिसर में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के भगवा कपड़े पहनकर किए गए प्रदर्शन पर बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे नौटंकी बताते हुए कहा कि इससे सनातन धर्म और साधु-संतों की भावनाओं को ठेस पहुंची है।

रामकृपाल यादव ने आईएएनएस से कहा, “पप्पू यादव ने जिस तरह से नौटंकीबाजी किया, सनातन धर्म को अपमानित किया, साधु संतों और लाखों-करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम किया, निश्चित तौर पर यह माफी के लायक भी नहीं है।”

उन्होंने कहा कि पप्पू यादव के बारे में सब लोग जानते हैं। “जिनके ऊपर आज भी चालीस-चालीस मुकदमे चल रहे हैं, आपराधिक घटनाओं के आरोपी हैं, वह इस तरह का कृत्य करें तो कहीं से अच्छा नहीं लगता।” उन्होंने कहा, “पप्पू यादव संसद के सदस्य हैं और जनता ने उन्हें बड़े विश्वास के साथ निर्दलीय चुनकर भेजा है। किसी तरह से जीत गए, इसका मतलब यह नहीं कि आप सांसद होकर इस तरह की हरकत करें। मैं भी लंबे काल तक सांसद रहा हूं, छह-छह टर्म का सांसद हूं। आज तक मैंने ऐसी हरकत कभी नहीं देखी।”

रामकृपाल यादव ने पप्पू यादव को नसीहत देते हुए कहा, “विरोध करने के भी तरीके होते हैं। आपको अधिकार प्राप्त है लेकिन यह नौटंकीबाजी है। आपका क्या इमेज है, क्या इमेज बन रहा है, इस बात को समझिए। सनातन धर्म के साधु-संत अपनी पूरी निष्ठा और कुर्बानी के साथ समाज की सेवा कर रहे हैं और आप संत का मजाक उड़ा रहे हैं।”

रामकृपाल यादव ने इस मुद्दे पर कांग्रेस और विपक्ष को भी घेरा। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी की खुद की दिमागी हालत ठीक नहीं है, ऐसे लोगों को प्रोत्साहित कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष हैं और ऐसी नौटंकी को समर्थन दे रहे हैं। समाजवादी पार्टी भी यही काम कर रही है।” उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “अपना स्टैंडर्ड मत गिराइए। देश देख रहा है, दुनिया देख रही है। आप नेता प्रतिपक्ष हैं, ख्वाब देख रहे हैं कि देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। आपका ख्वाब कभी पूरा नहीं होने वाला।”

उन्होंने कहा, “एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी हैं जिनको मां की गाली दी गई, बहन की गाली दी गई, अपमानित किया गया। इसके बावजूद वह बच्चों की भावनाओं के साथ खड़े होकर उन्हें माफी देने का काम कर रहे हैं। दूसरी तरफ नेता प्रतिपक्ष नौटंकीबाजी को प्रोत्साहित कर रहे हैं।”

रामकृपाल यादव ने कहा, “संसद का परिसर इस तरह की नौटंकी के लिए नहीं है। मैं अपील करूंगा माननीय स्पीकर साहब से कि ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए।” उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन लोकतंत्र का हिस्सा है लेकिन धर्म और संतों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सनातन धर्म की आस्था करोड़ों लोगों से जुड़ी है। संसद के अंदर भगवा वस्त्र पहनकर इस तरह का नाटक करना सीधे-सीधे धार्मिक भावनाओं को आहत करना है।”

बता दें कि राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे में गड़बड़ी के आरोप को लेकर विपक्षी सांसदों ने शुक्रवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया था। इसी दौरान पूर्णिया सांसद पप्पू यादव भगवा कुर्ता और रुद्राक्ष की माला पहनकर पहुंचे थे, जिसकी अब सत्ताधारी नेताओं द्वारा आलोचना की जा रही है।

Exit mobile version