October 15, 2024
Entertainment

रणबीर कपूर ने फैशन शो में ‘चन्ना मेरेया’ लुक में बिखेरा जलवा

मुंबई, 15 अक्टूबर । बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर ने एक बार फिर अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘ऐ दिल है मुश्किल’ के गाने चन्ना मेरेया के लुक की प्रशंसकों को याद दिला दी है।

रणबीर कपूर दिल्ली में आयोजित एक फैशन शो का हिस्सा बने। इस दौरान उन्होंने डिजाइनर तरुण तहिलियानी के लिए रैंप वॉक किया। उन्होंने भारतीय दूल्हे के लुक वाली एक ड्रेस पहनी, जिससे हर किसी का ध्यान उनकी ओर आकर्षित हो गया। उन्होंने सफेद रंग की रेशमी शेरवानी पहनी हुई थी और चूड़ीदार पजामा, दुपट्टा और पगड़ी के साथ सिर पर सफेद रंग की पगड़ी पहन रखी थी।

उन्होंने अपने इस लुक से सभी दर्शकों का ध्यान खींचा। रैंप पर वॉक करती हुई उनकी कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई हैं, जिस पर फैंस ने प्रतिक्रिया दी।

एक वीडियो क्लिप में एक्टर एक विंटेज कार में शानदार तरीके से एंट्री करते हुए नजर आ रहे हैं। बाद में वह सभी मॉडलों को मंच पर बुलाते हैं और इसके बाद वह उन्हें डांस के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

रणबीर के शाही दूल्हे के लुक पर प्रशंसकों ने प्रतिक्रिया देते हुए उनकी जमकर तारीफ की। एक प्रशंसक ने कमेंट करते हुए लिखा, “ओह, यह हमें चन्ना मेरेया गाने की याद दिलाता है।” वहीं, दूसरे ने कहा, “ये इतना हैंडसम क्यों है?” इसका अलावा तीसरे यूजर ने लिखा, “आरके बहुत हैंडसम लग रहे हैं।”

फिल्म ‘ऐ दिल है मुश्किल’ के गाने चन्ना मेरेया को अरिजीत सिंह ने गाया था और इस गाने में रणबीर कपूर और अनुष्का शर्मा ने अभिनय किया था।

एक्ट्रेस अनुष्का दुल्हन के लहंगे में बेहद खूबसूरत लग रही थीं तो वहीं दुल्हन के दोस्त बने रणबीर ने भी अपने लुक से फैंस को दीवाना बना दिया था।

रणबीर कपूर के अपकमिंग प्रोजेक्ट में फिल्म “रामायण” शामिल है। वह नितेश तिवारी की इस फिल्म में भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा साई पल्लवी सीता, लारा दत्ता कैकेयी और सनी देओल हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे।

वहीं, रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभाएंगे और रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा की भूमिका में नजर आएंगी। इसके अलावा, रणबीर की आने वाली फिल्मों में “लव एंड वॉर”, “एनिमल पार्क” और “ब्रह्मास्त्र पार्ट टू: देव” भी पाइपलाइन में हैं।

Leave feedback about this

  • Service