N1Live National रांचीः छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार
National

रांचीः छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार

Ranchi: Three people, including the main accused, arrested in the gang rape case of a student.

16 अप्रैल । झारखंड की राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में एमडीएस (मास्टर इन डेंटल सर्जरी) की छात्रा के साथ दुष्कर्म मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मो. दानिश और उसके सहयोगी मो. फहद मल्लिक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने इन्हें पश्चिम बंगाल के खड़गपुर से उस समय गिरफ्तार किया, जब वे भागने की फिराक में थे। इसके अलावा, घटना की साजिश में शामिल छात्रा की सहेली को भी रांची से गिरफ्तार कर लिया गया है।

रांची के सीनियर एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी ने तकनीकी सेल की मदद से आरोपियों का पीछा किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें दबोच लिया। इस टीम का नेतृत्व कांके थाना प्रभारी साक्षी जमुआर कर रही थीं।

पीड़िता के बयान के अनुसार, यह वारदात बीते 9 अप्रैल को रांची के हरमू स्थित गोकुल वाटिका अपार्टमेंट के एक फ्लैट में आयोजित बर्थडे पार्टी के दौरान हुई। छात्रा को उसकी सहेली ने यह कहकर बुलाया था कि पार्टी में अन्य लड़कियां भी शामिल होंगी।

आरोप है कि पार्टी में दिए गए केक और पिज्जा में नशीला पदार्थ मिलाया गया था, जिसे खाने के बाद छात्रा बेहोशी की अवस्था में चली गई। इसी का फायदा उठाकर मुख्य आरोपी मो. दानिश ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद अगली सुबह जब छात्रा की हालत बिगड़ी और रक्तस्राव शुरू हुआ, तो उसे रांची के आर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल के जरिए सूचना मिलने पर लालपुर पुलिस ने पीड़िता का फर्दबयान दर्ज किया और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दानिश हिंदपीढ़ी और फहद लोअर बाजार क्षेत्र के रहने वाले हैं।

पुलिस इस मामले में चौथे आरोपी शादाब की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है, जो फिलहाल फरार चल रहा है। पुलिस ने कहा है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी भी जल्द कर ली जाएगी और मामले में स्पीडी ट्रायल के जरिए दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

Exit mobile version