N1Live Entertainment आयकर विभाग की वॉकथॉन 2026 में पहुंचे रणदीप हुड्डा, बोले- वॉकिंग है बेस्ट एक्सरसाइज
Entertainment

आयकर विभाग की वॉकथॉन 2026 में पहुंचे रणदीप हुड्डा, बोले- वॉकिंग है बेस्ट एक्सरसाइज

Randeep Hooda attends Income Tax Department's Walkathon 2026; says walking is the best exercise.

महाराष्ट्र में 167वें आयकर दिवस को लेकर आयकर विभाग, मुंबई की ओर से रविवार को ‘वॉकथॉन 2026’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य, फिटनेस और आयकर विभाग के प्रति जागरूकता का संदेश देना था। कार्यक्रम में अभिनेता रणदीप हुड्डा, विजय वर्मा, आकाश शिंदे और गॉडफ्रे परेरा समेत कई हस्तियां मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

इस मौके पर अभिनेता रणदीप हुड्डा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने अपने जीवन में कई तरह की एक्सरसाइज, जिम और खेलों का अभ्यास किया है, लेकिन समय के साथ उन्हें महसूस हुआ कि वॉकिंग सबसे आसान और प्रभावी व्यायाम है।

रणदीप हुड्डा ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति अन्य व्यायाम नहीं कर पा रहा है, तो भी रोजाना आधे घंटे से 45 मिनट तक पैदल चलना स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद हो सकता है। उन्होंने बताया कि नियमित वॉक करने से शरीर की अतिरिक्त चर्बी कम करने में मदद मिलती है और यह दिल की सेहत के लिए भी अच्छी मानी जाती है।

उन्होंने फिटनेस का एक आसान फॉर्मूला बताते हुए कहा कि सामान्य वॉक के दौरान हार्ट रेट को नियंत्रित रखना जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी दिनचर्या में पैदल चलने को शामिल करें, क्योंकि यह लंबे समय तक फिट रहने में मदद कर सकता है।

आयकर दिवस के महत्व पर बात करते हुए रणदीप हुड्डा ने कहा कि 167वां आयकर दिवस हर साल 24 जुलाई को मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि यह दिन 1860 में भारत में आयकर व्यवस्था की शुरुआत से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों के जरिए फिटनेस के साथ-साथ लोगों में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

रणदीप हुड्डा ने उनकी फिल्म ‘स्वातंत्र्यवीर सावरकर’ के लिए मिले नेशनल अवॉर्ड पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह इसके लिए बेहद आभारी हैं। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर के जीवन और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर उनके लिए बहुत खास रहा। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट के लिए उन्होंने काफी मेहनत की थी और इसमें उन्होंने अभिनय के साथ-साथ लेखन, निर्देशन और निर्माण की जिम्मेदारी भी निभाई। रणदीप हुड्डा ने कहा कि किसी ऐतिहासिक व्यक्तित्व की कहानी को लोगों तक पहुंचाना उनके लिए गर्व का विषय है।

Exit mobile version