N1Live Entertainment रश्मि देसाई: कभी भोजपुरी सिनेमा की डिमांडिंग एक्ट्रेस थीं टीवी की ‘तपस्या’, संघर्ष से बनाई मजबूत पहचान
Entertainment

रश्मि देसाई: कभी भोजपुरी सिनेमा की डिमांडिंग एक्ट्रेस थीं टीवी की ‘तपस्या’, संघर्ष से बनाई मजबूत पहचान

Rashmi Desai: Once a demanding actress in Bhojpuri cinema, she was TV's 'Tapasya', she built a strong identity through struggle.

13 फरवरी । टीवी की चमक-दमक और बड़े रियलिटी शोज में दिखने से पहले रश्मि देसाई की पहचान भोजपुरी सिनेमा से भी जुड़ी रही। आज रश्मि देसाई का नाम देश की चर्चित टीवी अभिनेत्रियों में लिया जाता है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि एक समय वह भोजपुरी फिल्मों की डिमांडिंग एक्ट्रेस हुआ करती थीं। छोटे शहर से निकलकर बड़े सपनों तक पहुंचने का उनका सफर आसान नहीं था, लेकिन संघर्ष, मेहनत और खुद पर भरोसे ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।

रश्मि देसाई का जन्म 13 फरवरी 1986 को असम के नागांव में एक गुजराती परिवार में हुआ था। उनका असली नाम शिवानी था। बचपन में ही उनके सिर से पिता का साया उठ गया, जिससे परिवार पर जिम्मेदारियों का बोझ बढ़ गया। पढ़ाई के साथ-साथ उनका झुकाव अभिनय और डांस की ओर बढ़ता गया। उन्होंने कथक और भरतनाट्यम की ट्रेनिंग ली।

रश्मि ने अपने करियर की शुरुआत टीवी से नहीं, बल्कि क्षेत्रीय सिनेमा से की। शुरुआती दौर में उन्होंने असमिया और फिर भोजपुरी फिल्मों में काम किया। भोजपुरी सिनेमा में रश्मि देसाई ने एक के बाद एक कई फिल्में कीं और देखते ही देखते वह वहां की जानी-मानी अभिनेत्रियों में गिनी जाने लगीं। ‘बंबइया की लैला छपरा का छैला’, ‘बलमा बड़ा नादान’, ‘दूल्हा बाबू’, और ‘गजब भईल रामा’ जैसी फिल्मों में उनका अभिनय दर्शकों को खूब पसंद आया। उस दौर में भोजपुरी निर्माता उन्हें अपनी फिल्मों में लेने के इच्छुक रहते थे।

निजी जिंदगी और करियर में आए उतार-चढ़ाव ने रश्मि को आर्थिक और मानसिक रूप से तोड़ दिया। एक वक्त ऐसा भी आया जब वह भारी कर्ज में डूब गईं और खुद उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें कई रातें सड़क पर बितानी पड़ी थीं, लेकिन यही मुश्किलें उनके जीवन का टर्निंग पॉइंट बनीं। रश्मि ने हार मानने के बजाय खुद को फिर से खड़ा करने का फैसला किया।

टीवी पर उनकी असली पहचान साल 2009 में कलर्स चैनल के लोकप्रिय शो ‘उतरन’ से बनी। इस शो में उन्होंने ‘तपस्या’ का किरदार निभाया, जो एक नेगेटिव रोल था। इस किरदार ने रश्मि को घर-घर में पहचान दिलाई। ‘तपस्या’ का रोल इतना प्रभावशाली था कि लोग उन्हें उसी नाम से पहचानने लगे। इसके बाद रश्मि ने ‘दिल से दिल तक’, ‘नागिन’, और ‘इश्क का रंग सफेद’ जैसे कई चर्चित टीवी शोज में काम किया।

रियलिटी शो ‘बिग बॉस 13’ ने रश्मि के करियर को नई दिशा दी। इसके बाद उन्होंने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी कदम रखा और ‘तंदूर’ जैसी वेब सीरीज में गंभीर भूमिका निभाई है।

पुरस्कारों की बात करें तो रश्मि देसाई को ‘उतरन’ के लिए कई टीवी अवॉर्ड्स और नामांकन मिल चुके हैं। उन्होंने भोजपुरी सिनेमा से लेकर हिंदी टीवी और ओटीटी तक हर मंच पर खुद को साबित किया है।

Exit mobile version