N1Live Entertainment वायरल ऑडियो पर रश्मिका मंदाना ने तोड़ी चुप्पी, ‘यह मेरी निजी जिंदगी में दखल’
Entertainment

वायरल ऑडियो पर रश्मिका मंदाना ने तोड़ी चुप्पी, ‘यह मेरी निजी जिंदगी में दखल’

Rashmika Mandanna breaks silence on viral audio, says, 'This is an intrusion into my personal life'

13 मार्च । सोशल मीडिया के दौर में कलाकार की कई बार ऐसी बातें भी सार्वजनिक हो जाती हैं जो असल में निजी होती हैं और जिनका बाहर आना किसी के लिए भी असहज स्थिति पैदा कर सकता है। पिछले कुछ समय से अभिनेत्री रश्मिका मंदाना भी ऐसे ही एक विवाद के कारण सुर्खियों में हैं। दरअसल सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप तेजी से वायरल हो रही है जिसमें कथित तौर पर उनकी मां की आवाज सुनाई देने का दावा किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि इस बातचीत में उनके पूर्व मंगेतर रक्षित शेट्टी को लेकर कुछ आरोप लगाए गए हैं। इस ऑडियो के सामने आने के बाद इंटरनेट पर चर्चा शुरू हो गईं, जिसके बाद अब रश्मिका ने इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए प्रतिक्रिया दी है।

रश्मिका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए एक लंबा नोट साझा किया और इस पूरे मामले को बेहद गंभीर बताया। उन्होंने कहा, ”सोशल मीडिया पर जो ऑडियो क्लिप वायरल हो रही है, वह दरअसल एक निजी बातचीत का हिस्सा है, और यह लगभग आठ साल पुरानी है। इसे उस समय बिना जानकारी के रिकॉर्ड किया गया होगा। यह मेरी निजी जिंदगी में दखल जैसा है। किसी की निजी बातचीत को इस तरह रिकॉर्ड करना पूरी तरह गलत है।”

अभिनेत्री ने अपने नोट में लिखा, ”पिछले आठ सालों में मैंने कई तरह की गलत जानकारियों और अफवाहों का सामना किया है। सोशल मीडिया और कुछ मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर मेरे बारे में कई बार ऐसी बातें कही गईं, जिनका सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं था। इन अफवाहों और गलत खबरों के कारण मुझे काफी मानसिक तनाव झेलना पड़ा। इसके बावजूद, मैंने लंबे समय तक धैर्य बनाए रखा और किसी भी विवाद पर प्रतिक्रिया देने से बचती रहीं।”

रश्मिका ने कहा, ”वायरल हो रही इस बातचीत को जिस तरह से पेश किया जा रहा है, वह पूरी तरह गलत है। उनकी बातों को अलग तरीके से पेश किया जा रहा है। इससे ऐसी कहानी बनाई जा रही है जो सच नहीं है। कुछ लोग केवल सोशल मीडिया पर ज्यादा व्यूज पाने के लिए इस तरह की चीजों को बढ़ावा देते हैं। इससे न केवल छवि प्रभावित होती है बल्कि परिवार को भी अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ती है।”

अभिनेत्री ने बताया, ”पिछले 24 घंटों में जो कुछ हुआ, उसने मुझे मजबूर कर दिया कि मैं इस मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखूं। यह विवाद मुझे, मेरे परिवार और करीबियों को भी प्रभावित कर रहा है, जो इस मामले से सीधे तौर पर जुड़े भी नहीं हैं।”

रश्मिका ने सोशल मीडिया पर यह ऑडियो क्लिप शेयर करने वालों से स्पष्ट रूप से अपील की है कि वे इसे तुरंत हटाएं। उन्होंने मीडिया प्लेटफॉर्म्स, इन्फ्लुएंसर्स और उन सभी लोगों से भी अनुरोध किया है जो इस कंटेंट को आगे बढ़ा रहे हैं कि वे इसे फैलाना बंद करें।

अपने नोट के आखिर में रश्मिका ने उन सभी लोगों का धन्यवाद भी किया जिन्होंने पिछले दिनों उनका साथ दिया और उन्हें समर्थन दिया। उन्होंने कहा, ”मैं अपने प्रशंसकों के प्यार और समझदारी के लिए बेहद आभारी हूं। कुछ अनजान लोग यह तय नहीं कर सकते कि मैं अपनी जिंदगी कैसे जिऊंगी। हर व्यक्ति को अपनी जिंदगी के फैसले खुद लेने का अधिकार है।”

Exit mobile version