N1Live National 4,399 दिनों का रिकॉर्ड: पीएम मोदी ने रचा इतिहास, ओम बिरला और अमित शाह ने दी बधाई
National

4,399 दिनों का रिकॉर्ड: पीएम मोदी ने रचा इतिहास, ओम बिरला और अमित शाह ने दी बधाई

Record of 4,399 days: PM Modi creates history; Om Birla and Amit Shah extend congratulations.

पीएम नरेंद्र मोदी ने देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में उपलब्धि हासिल की है। इस पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रतिक्रिया दी है। ओम बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिनों की निरंतर सेवा का यह ऐतिहासिक पड़ाव भारतीय लोकतंत्र की सुदृढ़ता और जनविश्वास का प्रतीक है।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “आज प्रधानमंत्री और लोकसभा में सदन के नेता नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्र भारत के इतिहास में निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सर्वाधिक अवधि तक निरंतर सेवा का ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रधानमंत्री के रूप में 4,399 दिनों की निरंतर सेवा का यह ऐतिहासिक पड़ाव भारतीय लोकतंत्र की सुदृढ़ता और जनविश्वास का प्रतीक है।”

उन्होंने आगे लिखा, “इस अवधि में संवैधानिक मूल्यों, संसदीय लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं को स्वस्थ संसदीय प्रक्रियाओं व परंपराओं के माध्यम से और अधिक सुदृढ़ता प्राप्त हुई है। प्रधानमंत्री को इस विशिष्ट उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। राष्ट्र की निरंतर प्रगति, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए उनके नेतृत्व को मेरी मंगलकामनाएं।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, “देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में जनता की सेवा करने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर पीएम मोदी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मोदी जी के यह 12 वर्ष भारत के स्वाभिमान, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और देश को गुलामी की मानसिकता से मुक्त करने के रहे हैं।”

अमित शाह ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “नई संसद का निर्माण हुआ, तीन नए कानून लागू हुए, नई शिक्षा नीति और मातृभाषाओं में मेडिकल व इंजीनियरिंग शिक्षा का मार्ग प्रशस्त हुआ व आत्मनिर्भर भारत हर भारतीय का संकल्प बना। इन 12 सालों में एक तरफ देश की सीमाएं सुरक्षित हुईं, कश्मीर से 370 समाप्त हुई, राम मंदिर का निर्माण हुआ, नक्सलवाद का अंत हुआ और आतंकवाद पर नकेल कस हर आतंकी घटना का मुंहतोड़ जवाब दिया, वहीं देश की सामूहिक शक्ति ने हीनता के भाव से बाहर निकलकर अपनी विरासत, संस्कृति और सामर्थ्य पर गर्व करना सीखा।”

शाह ने कहा कि देशवासियों को सुरक्षित बनाना और उनके खोए हुए आत्मसम्मान व गौरव को लौटाना मोदी जी की सबसे बड़ी उपलब्धि है। आज नया भारत पूरे आत्मविश्वास के साथ विश्व के हर मंच पर अपनी पहचान स्थापित कर रहा है और दुनिया एक सक्षम, सशक्त तथा नए भारत के उदय की साक्षी बन रही है।

Exit mobile version