N1Live National केजरीवाल पर रेखा गुप्ता का पलटवार, बोलीं- अहंकार तो रावण का भी नहीं टिका, आप कौन?
National

केजरीवाल पर रेखा गुप्ता का पलटवार, बोलीं- अहंकार तो रावण का भी नहीं टिका, आप कौन?

Rekha Gupta hits back at Kejriwal, saying, "Even Ravana's arrogance didn't last—who are you?"

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला है। केजरीवाल द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को लेकर किए गए “आप कौन हैं?” वाले पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि कभी पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी पूछा था, “कौन अमित शाह?” समय हर प्रश्न का उत्तर देता है। अहंकार तो रावण का भी नहीं टिका, आप कौन?

दरअसल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी, अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा, “मैं राहुल गांधी, अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल से कहना चाहता हूं कि हिंदू धर्म को इतना कमजोर मत समझिए कि लोग आपके बहकावे में आ जाएंगे। जब आपके लोग हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करते हैं, तब आप मौन रहते हैं। सनातन का अपमान उत्तर प्रदेश और देश की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। हमने अपनी विरासत को संजोया है और इसके लिए हमारे पुरखों ने कुर्बानियां तक दी हैं।”

नितिन नवीन के इसी बयान से जुड़ी भाजपा की एक्स पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए अरविंद केजरीवाल ने लिखा, “आप कौन हैं?”

इसके बाद रेखा गुप्ता ने एक्स पर पलटवार करते हुए लिखा, “नितिन नवीन विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के सबसे कम उम्र में नेतृत्व संभालने वाले राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उन्हें बिहार की बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का लगातार चार बार प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता के रूप में संघर्ष करते हुए उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर तय किया है। वर्तमान में वह विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र की संसद के उच्च सदन के सदस्य निर्वाचित हुए हैं। यह उनका संक्षिप्त परिचय है।”

रेखा गुप्ता ने आगे कहा, “आप हताश और निराश हैं, यह बात सभी जानते हैं। लेकिन लगता है कि आपका अहंकार अभी भी सातवें आसमान पर है। वैसे, कभी ममता बनर्जी ने भी पूछा था, ‘कौन अमित शाह?’ समय हर प्रश्न का उत्तर देता है। अहंकार तो रावण का भी नहीं टिका, आप कौन?”

Exit mobile version