N1Live Entertainment ‘कांतारा चैप्टर 1’ के सफर पर ऋषभ शेट्टी ने जताया आभार, बोले- ‘यह जिम्मेदारी भी थी और सौभाग्य भी’
Entertainment

‘कांतारा चैप्टर 1’ के सफर पर ऋषभ शेट्टी ने जताया आभार, बोले- ‘यह जिम्मेदारी भी थी और सौभाग्य भी’

‘कांतारा चैप्टर 1’ को रिलीज हुए एक साल पूरा हो चुका है। ऐसे में एक्टर और डायरेक्टर ऋषभ शेट्टी ने फिल्म से जुड़े अपने सफर को याद किया है। उन्होंने बताया कि इस फिल्म को बनाना उनके लिए कितना खास और चुनौती भरा रहा। ऋषभ ने कहा कि ‘कांतारा’ की कहानी हमेशा अपनी मिट्टी, संस्कृति और वहां के लोगों से जुड़ी रही है और इस दुनिया को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी उनके लिए आसान नहीं थी।

‘कांतारा चैप्टर 1’ पहली फिल्म का प्रीक्वल है यानी इसमें कहानी को और पीछे ले जाकर उन घटनाओं को दिखाया गया है, जिनसे ‘कांतारा’ की दुनिया की शुरुआत हुई। पहली फिल्म को दर्शकों से जबरदस्त प्यार मिला था। ऐसे में एक नई कहानी के साथ दर्शकों के सामने आना ऋषभ के लिए बड़ी चुनौती थी।

अपने अनुभव को याद करते हुए ऋषभ ने लिखा, ”सबसे बड़ी चुनौती थी ऐसी ऑडियंस के सामने इस प्रीक्वल को लाना, जिसने ‘कांतारा’ को पहले ही इतना प्यार दिया था। कहानी को उसकी जड़ों तक ले जाना, शुरुआत को और गहराई से दिखाना और उस जमीन से जुड़ी कहानी कहना मेरे लिए एक बड़ी जिम्मेदारी थी, लेकिन यह मेरे लिए सौभाग्य की बात भी थी।”

ऋषभ ने टीम के हर सदस्य का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा, ”मेरी टीम के हर एक सदस्य का दिल से शुक्रिया, जो हर कदम पर मेरी ताकत बनकर मेरे साथ खड़ा रहा।”

उन्होंने पोस्ट में आगे फिल्म की रिलीज के बाद थिएटर में दर्शकों के रिएक्शन को याद करते हुए लिखा, ”दर्शकों के चेहरों पर जो खुशी मैंने देखी, वह आज भी मेरे जेहन में ताजा है। वह पल, वह खामोशी, तालियां और उसके बाद मिला प्यार हमेशा मेरे लिए खास रहेगा।”

अपने पोस्ट के आखिर में ऋषभ ने दर्शकों से इसी तरह प्यार और सपोर्ट बनाए रखने की उम्मीद जताई। उन्होंने लिखा, ”मुझे उम्मीद है कि आपका प्यार, आशीर्वाद और सपोर्ट आगे भी हमारी आने वाली सभी कोशिशों में इसी तरह हमारे साथ बना रहेगा। पांच साल… दो कहानियां… एक सपना… एक कभी न भूलने वाला सफर। आपके प्यार के लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगा।”

Exit mobile version