उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के थाना पारा क्षेत्रान्तर्गत भूहर पुल के पास जनरथ बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। फिलहाल कोई जनहानि नहीं हुई है।
दमकल विभाग के अनुसार, शनिवार को थाना पारा क्षेत्रान्तर्गत बुद्धेश्वर-दुबग्गा मुख्य मार्ग पर भूहर पुल के पास एक रोडवेज जनरथ बस के दुर्घटनाग्रस्त होकर आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर थाना पारा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर जांच से ज्ञात हुआ कि पारा की ओर से दुबग्गा की तरफ जा जनरथ बस भूहर पुल के प्रारम्भ में पहुंचने पर अचानक अनियंत्रित होकर पुल के बाईं ओर बने डिवाइडर से टकरा गई। बस के डिवाइडर से टकराने के लगभग 2-3 मिनट बाद उसमें आग लग गई, जिससे बस में भीषण आग फैल गई।
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय बस में चालक एवं परिचालक मौजूद थे, जो बस से उतरकर सुरक्षित बाहर निकल गए। बस में आग लगने की सूचना तत्काल फायर सर्विस को दी गई, जिस पर फायर सर्विस की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और फायर सर्विस कर्मियों द्वारा तत्परता से कार्रवाई करते हुए आग को पूर्ण रूप से बुझा दिया गया।
आग बुझने के बाद पुलिस द्वारा बस के अंदर जाकर गहनता से निरीक्षण किया गया, जिसमें बस के अंदर कोई व्यक्ति अथवा अन्य वस्तु मौजूद नहीं पाई गई। दुर्घटना एवं आग लगने की घटना में किसी प्रकार की जनहानि अथवा अन्य जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। आग लगने के कारण बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में आवश्यक जांच एवं अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। वर्तमान में मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है तथा यातायात सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।

