March 14, 2026
National

रोहिणी क्राइम ब्रांच ने कुख्यात अपराधी को किया गिरफ्तार, हथियार भी जब्त

Rohini Crime Branch arrests notorious criminal, seizes weapons

राष्ट्रीय राजधानी में रोहिणी के सेक्टर-18 स्थित क्राइम ब्रांच की टीम ने एक कुख्यात अपराधी ध्रुव उर्फ राज उर्फ तूफान को गिरफ्तार किया है। उसके पास से पुलिस ने एक 7.65 मिमी की सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए।

अधिकारियों ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि ध्रुव अपने साथियों से मिलने के लिए भलस्वा डेयरी झील, गोल्फ कोर्स रोड के पास आएगा। इस सूचना के आधार पर एसीपी गिरीश कौशिक की देखरेख में इंस्पेक्टर नीरज शर्मा के नेतृत्व में एसआई सरगम, संजीव मलिक, हेड कांस्टेबल अशोक और प्रदीप डबास की टीम ने गोल्फ कोर्स, भलस्वा डेयरी के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि आरोपी जहांगीर पुरी दिल्ली का निवासी है। वह पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और वर्तमान में चार से अधिक मामलों में वांछित था। उसकी काफी समय से क्राइम ब्रांच की टीम तलाश कर रही थी। आरोपी के पास से एक भरी हुई सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल बरामद हुई, जिसमें दो जिंदा कारतूस थे। बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया गया है और पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 11वीं कक्षा तक पढ़ा-लिखा है और एक गरीब परिवार से आता है। बुरी संगत और नशे की लत के चलते वह धीरे-धीरे आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह ‘एसडी ग्रुप’ नामक आपराधिक गिरोह से जुड़ा हुआ है, जो जहांगीर पुरी और भलस्वा डेयरी के इलाकों में सक्रिय है। इस गिरोह में कई युवा और नाबालिग भी शामिल हैं।

ध्रुव ने बताया कि उसने अपने गिरोह के साथी दीपक के साथ मिलकर अलीगढ़ से अवैध हथियार खरीदे थे। इन हथियारों को अपराध को अंजाम देने और अपनी सुरक्षा के लिए रखा गया था, क्योंकि उसका कुछ अन्य अपराधियों के साथ झगड़ा चल रहा था। उसने किशनगढ़ और महेंद्र पार्क पुलिस थाना क्षेत्रों में हुई दो फायरिंग की घटनाओं में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की।

पुलिस अब अवैध हथियारों के स्रोत की पहचान करने और गिरोह के अन्य सदस्यों को पकड़ने के प्रयास कर रही है। इस गिरफ्तारी से इलाके में अपराध पर अंकुश लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave feedback about this

  • Service