March 31, 2026
National

एस. जयशंकर ने एंजेलिका नीबलर से मुलाकात में भारत-ईयू संबंधों पर की चर्चा

S. Jaishankar meets Angelika Niebler to discuss India-EU relations

31 मार्च । विदेश मंत्री (ईएएम) एस. जयशंकर ने सोमवार को यूरोपीय संसद की सदस्य एंजेलिका नीबलर के नेतृत्व में यूरोपीय संसद के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भारत-ईयू संबंधों के नए अध्याय और दोनों पक्षों के बीच बढ़ती सहमति पर चर्चा की।

विदेश मंत्री जयशंकर ने विश्वास जताया कि यूरोपीय संसद नए दौर में सहयोग का एक मजबूत स्तंभ बनेगी।

उन्होंने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पोस्‍ट में कहा, ”एंजेलिका नीबलर के नेतृत्व में यूरोपीय संसद के सदस्यों के साथ बातचीत करके खुशी हुई। हमने भारत-यूरोपीय संघ संबंधों के नए अध्याय और हमारे बीच बढ़ते सामंजस्य पर चर्चा की। जैसे-जैसे सहयोग का एजेंडा विस्तृत होगा, वैसे-वैसे आपसी सहजता भी बढ़ेगी। मुझे विश्वास है कि यूरोपीय संसद इस नए दौर में एक मजबूत स्तंभ साबित होगी।”

इससे पहले दिन में, भारत-यूरोपीय संसद संसदीय मित्रता समूह की पहली बैठक संसद भवन में आयोजित हुई। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि वह इस समूह के अध्यक्ष के रूप में ऐसी और बैठकों की उम्मीद करते हैं, ताकि संसदीय कूटनीति और भारत-यूरोपीय संघ संबंधों को मजबूत किया जा सके।

उन्होंने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पोस्‍ट में कहा, “भारत-यूरोपीय संसद संसदीय मित्रता समूह की पहली बैठक सोमवार को संसद भवन में आयोजित हुई, जिसमें यूरोपीय संसद के भारत के साथ संबंधों के प्रतिनिधिमंडल (डी-आईएन) ने भाग लिया, जिसकी अध्यक्षता एंजेलिका नीबलर ने की।”

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम ब‍िरला के मार्गदर्शन के लिए आभारी हूं। इस समूह के अध्यक्ष के रूप में और ऐसी बैठकों का नेतृत्व करने के लिए उत्सुक हूं, ताकि संसदीय कूटनीति और भारत-यूरोपीय संघ संबंधों को मजबूत किया जा सके। एक मजबूत साझेदारी के लिए साथ मिलकर काम करेंगे।”

इस महीने की शुरुआत में जयशंकर ने ब्रुसेल्स की एक सफल यात्रा पूरी की, जहां उन्होंने यूरोपीय संघ के नेताओं और विदेश मंत्रियों के साथ बातचीत की और हाल ही में हस्ताक्षरित भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के तहत “विशाल आर्थिक संभावनाओं” पर चर्चा की, जिससे व्यापार, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा और कनेक्टिविटी के क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाया जा सके।

Leave feedback about this

  • Service