February 6, 2025
National

सैफ अली खान हमला मामला: आरोपी शरीफुल इस्लाम की आर्थर रोड जेल में कराई पहचान परेड

Saif Ali Khan attack case: Shariful Islam’s identity parade held at Arthur Road Jail

बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हमले के आरोपी शरीफुल इस्लाम को पुलिस ने बीते दिनों गिरफ्तार किया था। बुधवार को ऑर्थर रोड जेल में शरीफुल इस्लाम की आइडेंटिफिकेशन (पहचान) परेड कराई गई।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, परेड के दौरान शरीफुल इस्लाम को पहचानने के लिए सैफ की स्टाफ नर्स आरियामा फिलिप और आया जुनू भी वहां पहुंची थीं। बारी-बारी से दोनों के सामने अन्य कैदियों के साथ शरीफुल को भी खड़ा किया गया था।

पहचान परेड कोर्ट से अनुमत‍ि लेने के बाद तहसीलदार की मौजूदगी में होती है। पुलिस या जेल स्टाफ को पहचान परेड के दौरान मौजूद रहने की इजाजत नहीं होती है।

बता दें कि 16 जनवरी को अभिनेता सैफ अली खान पर उनके बांद्रा स्थित आवास में कई बार चाकू से हमला किया गया। इसके बाद तुरंत अभिनेता को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके शरीर पर चाकू के कई घाव थे। अस्पताल में उनकी सर्जरी की गई थी। उनकी रीढ़ के पास से चाकू का एक टुकड़ा भी निकाला गया था। पुलिस ने हमले के आरोप में शरीफुल इस्लाम (30) को 19 जनवरी को ठाणे से गिरफ्तार किया था। वह बांग्लादेश का नागरिक है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी के पिता ने दावा किया कि उनका बेटा निर्दोष है। उसे फंसाया जा रहा है।

Leave feedback about this

  • Service