March 23, 2026
Entertainment

समीरा रेड्डी ने शेयर की ‘नो-गिल्ट’ रेसिपी, लौकी से बनाई ब्राउनी

Sameera Reddy shares a ‘no-guilt’ recipe for brownies made with bottle gourd.

22 मार्च । प्रकृति ने हमें उपहार स्वरूप ऐसी कई सब्जियां प्रदान की हैं, जो अपने औषधीय गुणों के कारण सेहत का खजाना भी मानी जाती हैं। इन्हीं में से एक है लौकी, जो विटामिन, खनिजों और प्रचुर जल मात्रा से भरपूर है। आमतौर पर कई लोग लौकी को साधारण और कम जायकेदार मानकर पसंद नहीं करते, लेकिन अभिनेत्री समीरा रेड्डी ने इसे एक अनूठा ‘ट्विस्ट’ दिया है। दरअसल, अभिनेत्री ने साधारण सी दिखने वाली लौकी से ‘चॉकलेटी ब्राउनी’ तैयार कर सबको हैरान कर दिया है।

उन्होंने शनिवार को इंस्टाग्राम पर ब्राउनी की रेसिपी बताई। यह न सिर्फ स्वादिष्ट है, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद है। वीडियो में समीरा कहती हैं, “सभी ने पनीर या शकरकंद की ब्राउनी तो जरूर खाई है, लेकिन लौकी की ब्राउनी ट्राई की है?”

अभिनेत्री ने बताया कि यह ब्राउनी रिच, चॉकलेटी और पौष्टिक होती है। लौकी में फाइबर, पानी की भरपूर मात्रा, विटामिन्स और कम कैलोरी होती है, जो वजन नियंत्रण, पाचन सुधार और ब्लड शुगर स्थिर रखने में मदद करती है। ब्राउनी में गुड़ और पीनट बटर जैसी हेल्दी सामग्री जोड़कर इसे और भी गट-फ्रेंडली बनाया जा सकता है।

समीरा ने ब्राउनी की रेसिपी शेयर की। वे कहती हैं, “सबसे पहले लौकी को कद्दूकस करें। फिर, इसे निचोड़कर अतिरिक्त पानी निकालें और पूरी तरह से सूखा लें। थोड़ी नमी रहनी चाहिए। कद्दूकस की हुई लौकी, गुड़, पीनट बटर, दूध, तेल और वनीला एक्सट्रैक्ट को मिक्सर में डालकर अच्छे से ब्लेंड करें। इसमें ओट्स का आटा (या मैदा), कोको पाउडर, बेकिंग सोडा, बेकिंग पाउडर और नमक मिलाकर दोबारा मिक्स करें। चॉकलेट चिप्स डालें (कुछ ऊपर सजाने के लिए बचाकर रखें)।

“मिश्रण को घी या बटर पेपर लगी बेकिंग ट्रे में डालें। पहले से गरम ओवन में 180° सेल्सियस पर 25-30 मिनट तक बेक करें, जब तक ब्राउनी अच्छे से पक न जाए। बेक होने के बाद ठंडा होने दें, फिर काटें। इससे टेक्सचर सॉफ्ट और फज जैसा बनेगा। यह रेसिपी एगलेस है और बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आएगी।”

समीरा ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, “ये है लौकी की ब्राउनी। यह सिर्फ एक स्वीट नहीं… बल्कि कुछ ऐसा है जिसे खाने के बाद भी अच्छा महसूस होता है। इसे गरम-गरम खाएं और बिना किसी गिल्ट के एंजॉय करें। क्योंकि कभी-कभी ज़रूरी यह नहीं होता कि आप अपनी क्रेविंग्स को रोकें… बल्कि उन्हें थोड़ा बेहतर बना लें।”

Leave feedback about this

  • Service